बच्चों में तेजी से फैल रहा कैंसर, बनारस के महामना अस्पताल की चौंकाने वाली पीबीसीआर रिपोर्ट

Dec 10, 2025 08:48 am ISTYogesh Yadav वाराणसी, कार्यालय संवाददाता
share

कैंसर पर बच्चों को लेकर चौंकाने वाली रिपोर्ट सामने आई है। बच्चों में तेजी से कैंसर फैल रहा है। बनारस के महामना पंडित मदन मोहन मालवीय कैंसर अस्पताल की पीबीसीआर रिपोर्ट में इसका खुलासा हुआ है। रक्त एवं अस्थि मज्जा कैंसर सबसे ज्यादा हो रहा है।

बच्चों में तेजी से फैल रहा कैंसर, बनारस के महामना अस्पताल की चौंकाने वाली पीबीसीआर रिपोर्ट

बच्चे कैंसर की चपेट में तेजी आ रहे हैं। प्रति दस लाख पर 72.7 लड़के और 39.9 लड़कियों में कैंसर मिला है। 2018-19 की रिपोर्ट के अनुसार यह संख्या प्रति दस लाख क्रमश: 59.6 और 23.9 रही। यानी पिछली रिपोर्ट के मुकाबले बच्चों में कैंसर तेजी से बढ़ रहा है। यह खुलासा महामना पं. मदन मोहन मालवीय कैंसर अस्पताल की जनसंख्या आधारित कैंसर रजिस्ट्री 2020-21 (पीबीसीआर) रिपोर्ट में हुआ है। रिपोर्ट के अनुसार 0-14 साल के 2.4 फीसदी कैंसर की चपेट में हैं। बच्चों में सबसे अधिक लिम्फोइड ल्यूकेमिया (रक्त एवं अस्थि मज्जा) कैंसर है। औसतन प्रति दस लाख पर 11.9 लड़के और 7.2 लड़कियां इसकी चपेट में आई हैं। बच्चियों में रक्त कैंसर के बाद किडनी कैंसर सबसे ज्यादा है।

बदलती जीवनशैली और पर्यावरणीय कारक कैंसर के बढ़ते मामलों की बड़ी वजह बनते जा रहे हैं। बनारस में प्रति लाख 67.7 पुरुष और 54.7 महिलाएं कैंसर की चपेट में हैं। इसमें किसान, लिपिक वर्ग/दुकान संचालक और गृहिणीयां सबसे ज्यादा हैं। यह संख्या क्रमश: 34.9, 14.9 और 13.8 फीसदी है। बनारस में हर 13 में से एक पुरुष तथा हर 16 में से एक महिला को जीवनकाल में कैंसर होने का जोखिम है।

गांव से ज्यादा शहरों में मरीज

शनिवार को जारी रिपोर्ट के अनुसार बनारस में कैंसर के 4446 मरीज मिले हैं। इसमें 2514 पुरुष और 1932 महिलाएं हैं। रिपोर्ट के अनुसार पुरुषों में सबसे ज्यादा मुंह, जीभ, गॉल ब्लैडर, फेफड़ा और लिवर के मरीज हैं। ये 17.8, 5.8, 4.5, 4.2 और 2.9 प्रति लाख क्रमश: हैं। वहीं महिलाओं में ब्रेस्ट, गॉल ब्लैडर, सर्वाइकल, ओवरी और माउथ कैंसर ज्यादा है। ये 12.4, 7.9, 5.0, 3.9 और 2.2 है।

रिपोर्ट के अनुसार जिले में गांवों की तुलना में शहरों में कैंसर मरीजों की संख्या कहीं अधिक है। शहरी पुरुषों में कैंसर की दर 76.5 प्रति लाख दर्ज की गई, जो ग्रामीण पुरुषों (59.3 प्रति लाख) से काफी अधिक है। इसी तरह महिलाओं में भी शहरी क्षेत्रों में कैंसर की दर 62.5 प्रति लाख है, जबकि ग्रामीण इलाकों में यह 48.7 प्रति लाख पाई गई।

गॉल ब्लैडर कैंसर दे रहा चेतवानी

महिलाओं में पहले ब्रेस्ट और दूसरे नंबर सर्वाइकल कैंसर होता था, लेकिन अब गॉल ब्लैडर कैंसर ज्यादा हो रहा है। इसमें मृत्यु दर भी अधिक है। रिर्पोर्ट के अनुसार प्रति लाख 7.9 महिलाएं गॉल ब्लैडर कैंसर की चपेट में आ रही हैं। वहीं प्रति लाख 7.2 की मृत्यु दर है। विशेषज्ञों का कहना है कि स्टोन के कारण ये समस्या बढ़ रही है।

43.4 फीसदी मुंह और गले का कैंसर

रिपोर्ट के अनुसार सबसे ज्यादा 43.4 मुंह और गले के कैंसर से पीड़ित हैं। दूसरे नंबर पर पेट और तीसरे पर श्वसन तंत्र प्रणाली को प्रभावित करने वाला कैंसर ज्यादा है।

कीटनाशकों के कारण किसान पीड़ित

एमपीएमएमसीसी ऐंड एचबीसीएच के प्रिवेंटिव ऑनकोलॉजी ऐंड कैंसर रजिस्ट्री की ऑफिसर इंचार्ज डॉ. दिव्या खन्ना ने कहा कि इस बार हम लोगों ने पेशे के आधार पर भी रिपोर्ट तैयार की है। किसानों और गृहिणियों में कैंसर के मामले सबसे अधिक दर्ज किए गए हैं। तंबाकू सेवन, कीटनाशकों का संपर्क, धुएं और स्वास्थ्य जांच में देरी इसके प्रमुख कारण हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि नियमित स्क्रीनिंग, तंबाकू से दूरी, स्वस्थ जीवनशैली और समय पर इलाज बेहद जरूरी है। पीबीसीआर रिपोर्ट ने साफ कर दिया है कि कैंसर अब सिर्फ बीमारी नहीं, बल्कि सामाजिक और सार्वजनिक स्वास्थ्य की बड़ी चुनौती बन चुका है।

पेशे के अनुसार कैंसर

पेशा कैंसर प्रतिशत

किसान 34.9

लिपिक, दुकान संचालक 14.9

गृहिणी 13.8

शासकीय कर्मचारी 9.1

सेमी स्किल्ड लेबर 5.3

सेमीप्रोफेशनल 4.5

अन स्किल्ड लेबर 4.2

निजी कर्मचारी 3.3

प्रोफेशनल 2.0

स्किल्ड लेबर 1.7

बेरोजगार 1.2

Yogesh Yadav

लेखक के बारे में

Yogesh Yadav

योगेश यादव लाइव हिन्दुस्तान में पिछले छह वर्षों से यूपी सेक्शन को देख रहे हैं। यूपी की राजनीति, क्राइम और करेंट अफेयर से जुड़ी खबरों को कवर करने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। यूपी की राजनीतिक खबरों के साथ क्राइम की खबरों पर खास पकड़ रखते हैं। यूपी में हो रहे विकास कार्यों, शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में आ रहे बदलाव के साथ यहां की मूलभूत समस्याओं पर गहरी नजर रखते हैं।

पत्रकारिता में दो दशक का लंबा अनुभव रखने वाले योगेश ने डिजिटल से पहले प्रिंट में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। लम्बे समय तक हिन्दुस्तान वाराणसी में सिटी और पूर्वांचल के नौ जिलों की अपकंट्री टीम को लीड किया है। वाराणसी से पहले चड़ीगढ़ और प्रयागराज हिन्दुस्तान को लांच कराने वाली टीम में शामिल रहे। प्रयागराज की सिटी टीम का नेतृत्व भी किया।

बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से बीकॉम में ग्रेजुएट और बनारस की ही काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट योगेश ने कई स्पेशल प्रोजेक्ट पर काम भी किया है। राष्ट्रीय नेताओं के दौरों को कवर करते हुए उनके इंटरव्यू किये। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मौत से जुड़े रहस्यों पर हिन्दुस्तान के लिए सीरीज भी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News और Kanpur News के साथ-साथ UP Board Result, UP Board 10th Result, UP Board 12th Result और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।