बाराबंकी में कारोबारी के घर 64 लाख का डाका; परिवार को बंधक बनाकर कैश और गहने ले गए बदमाश
बाराबंकी के देवा क्षेत्र में नकाबपोश बदमाशों ने सर्राफा कारोबारी के घर में घुसकर परिवार को बंधक बना लिया। बदमाश 12 लाख नकद और 52 लाख के जेवर लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई, पुलिस जांच में जुटी है।

बाराबंकी के देवा थाना क्षेत्र के ग्वारी गांव में गुरुवार देर रात असलहाधारी नकाबपोश बदमाशों ने एक सर्राफा कारोबारी के घर पर धावा बोल दिया। मकान का दरवाजा तोड़कर घर में घुसे बदमाशों ने परिवार को बंधक बना लिया। परिवार के सदस्यों के मोबाइल फोन छीन लिए और विरोध कर रहे परिवार के सदस्यों को मारपीट कर घायल कर दिया। इस दौरान तमंचे से डराकर 12 लाख रुपये नकद समेत 52 लाख रुपये के आभूषण लूट कर बदमाश फरार हो गए। डकैती की इस वारदात से इलाके में दहशत व्याप्त हो गया है। जानकारी होने पर सुबह पुलिस अधीक्षक भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बदमाशों की धरपकड़ के लिए प्रयास तेज कर दिया।
ग्वारी गांव निवासी हिमांशु जायसवाल अपनी मां, दो बहनों और पत्नी के साथ रहते हैं। गुरुवार की रात सभी लोग सो रहे थे। देर रात करीब तीन बजे बदमाश घर का दरवाजा तोड़कर अंदर घुस आए। सभी बदमाशों के हाथों में तमंचे थे और उन्होंने चेहरे पर नकाब बांध रखा था। घर में घुसते ही बदमाशों ने हिमांशू, उनकी पत्नी, मां और दोनों बहनों को असलहे के बल पर कब्जे में ले लिया। विरोध करने पर बदमाशों ने सभी की बेरहमी से पिटाई की और मोबाइल फोन छीन लिए ताकि कोई मदद न बुला सके। इसके बाद बदमाशों ने तमंचा के बट से उनके साथ मारपीट की।
पीड़ित हिमांशु जायसवाल ने बताया कि बदमाश करीब 250 ग्राम सोने के आभूषण, कई किलो चांदी और करीब 12 लाख रुपये नकद लूट ले गए। अनुमानित रूप से डकैती में करीब 52 लाख रुपये की संपत्ति बदमाश समेट ले गए। पीड़ित के मुताबिक छह बदमाश दिखाई दिए, जिनमें चार घर के अंदर लूटपाट कर रहे थे जबकि अन्य बाहर निगरानी कर रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और बदमाशों की तलाश में कई टीमों को लगाया गया है।


