बागपत में दिनदहाड़े तड़तड़ाईं गोलियां, कारोबारी बाप-बेटे की हत्या; हिस्ट्रीशीटर को भी लगी गोली
बागपत के बड़ौत में ताबड़तोड़ गोलीबारी से पूरा बाजार दहल उठा। दिल्ली बस स्टैंड पुलिस चौकी 30 मीटर की दूरी पर हिस्ट्रीशीटर ने अपने साथियों के साथ मिलकर दिनदहाड़े बाप-बेटे पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं, इसमें दोनों की मौत हो गई है, जबकि एक राहगीर घायल हो गया।
UP News: यूपी के बागपत से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। जहां बड़ौत में मंगलवार शाम ताबड़तोड़ गोलीबारी से पूरा बाजार दहल उठा। दिल्ली बस स्टैंड पुलिस चौकी से महज 30 मीटर की दूरी पर हिस्ट्रीशीटर ने अपने साथियों के साथ मिलकर दिनदहाड़े टेंट व्यवसायी सोहन लाल अग्रवाल और उसके बेटे विकास पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं, इसमें दोनों की मौत हो गई है, जबकि एक राहगीर घायल हो गया। उधर, भागते समय भीड़ ने आरोपी हिस्ट्रीशीटर को पकड़ कर पीटा। घटना के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 10 टीमें लगाई गई हैं। घटना के विरोध में बड़ौत से लेकर बागपत जिला अस्पताल तक व्यापारियों ने हंगामा किया। देर शाम एडीजी, कमिश्नर और डीआईजी ने भी बड़ौत पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया और पीड़ित परिवार के लोगों से वार्ता की।
पुलिस के अनुसार शाम के समय बाइकों पर सवार होकर पहुंचे कुख्यात हिस्ट्रीशीटर वरुण लुहारी ने अपने गैंग के साथ मिलकर बड़ौत में दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर स्थित टेंट व्यवसायी के प्रतिष्ठान पर धावा बोल दिया। पुरानी रंजिश और रंगदारी के विवाद में बदमाशों ने पूरे परिवार को निशाना बनाते हुए फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुए हमले से इलाके में हड़कंप मच गया और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। टेंट व्यवसायी और उनके बेटे समेत चार लोगों को गोली लगी। हमले से गुस्साए लोगों ने भाग रहे मुख्य आरोपी को घेरकर उस पर हमला कर दिया इस बीच किसी अज्ञात द्वारा चलाई गई गोली से वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को नजदीकी अस्पताल भिजवाया, रास्ते में टेंट व्यवसायी 55 वर्षीय सोहनलाल अग्रवाल और उनके 30 वर्षीय बेटे विकास ने दम तोड़ दिया। गोलीबारी में एक राहगीर रोहित भी घायल हो गया। उसे प्राइवेट अस्पताल में उपचार चल रहा है। वहीं, भीड़ के हमले में घायल वरुण लुहारी को पहले बड़ौत सीएचसी ले जाया गया वहां से उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। फिलहाल पुलिस हिस्ट्रीशीटर के घायल होने का कोई जिक्र नहीं कर रही है, पुलिस अफसर यह भी नहीं बता रहे कि उसे कहां भर्ती कराया गया है, जबकि सोशल मीडिया पर वरुण लुहारी को गोली मारे जाने व घायल अवस्था में स्ट्रेचर पर अस्पताल में लाने और हायर सेंटर ले जाने की कई वीडियो वायरल हो रही हैं। हालांकि लाइव हिन्दुस्तान वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
इस मामले में एसपी बागपत सूरज कुमार राय ने बताया कि पुरानी रंजिश में वारदात को अंजाम दिया गया है। हमले की इस घटना में पिता-पुत्र की मौत हुई है। घटना के खुलासे के लिए 10 टीमें गठित कर दी गई हैं, जल्द ही वारदात में शामिल बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। परिजनों की तहरीर मिलने पर अभियोग पंजीकृत कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
लेखक के बारे में
Pawan Kumar Sharmaपवन कुमार शर्मा पिछले चार वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हैं। डिजिटल मीडिया में काम करते हुए वह उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, सरकारी योजनाओं और टूरिज्म से जुड़े मुद्दों पर नियमित रूप से लिखते हैं। इससे पहले पवन एबीपी न्यूज के साथ बतौर फ्रीलांसर काम कर चुके हैं। पवन ने नई दिल्ली स्थित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से रेडियो एवं टेलीविजन पत्रकारिता की पढ़ाई की है। इससे पहले क्राइस्ट चर्च कॉलेज, कानपुर से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया। ग्राउंड रिपोर्टिंग और अकादमिक समझ के साथ पवन तथ्यात्मक, संतुलित और पाठक-केंद्रित समाचार लेखन करते हैं।
और पढ़ें

