कानपुर में सांडों का आतंक; बुजुर्ग को पटककर मार डाला; बीते 8 महीने में चार मौतें
कानपुर के किदवईनगर के जूही बारादेवी में आवारा सांड़ के हमले से 82 वर्षीय दुकानदार प्रकाश नारायण तिवारी की मौत हो गई। सब्जी लेने निकले वृद्ध को सांड़ ने उठाकर पटक दिया था। अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया। स्थानीय लोगों ने आवारा पशुओं के बढ़ते आतंक पर नाराजगी जताई।

कानपुर में सड़क पर घूम रहे सांड़ ने एक और जान ले ली। किदवईनगर थाना क्षेत्र के जूही बारादेवी में शनिवार सुबह सब्जी लेने निकले वृद्ध परचून दुकानदार को सांड़ ने उठाकर पटक दिया। परिजन उन्हें अस्पताल लेकर गए, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। जूही बारादेवी निवासी 82 वर्षीय प्रकाश नारायण तिवारी परचून दुकान चलाते थे। परिवार में पत्नी उमा और दो बेटे आशुतोष व अरविंद हैं। बेटे अरविंद ने बताया कि सुबह उनके पिता सब्जी लाने के लिए घर से निकले थे। वह कूड़ाघर के पास पहुंचे थे, तभी वहां खड़े सांड़ ने उन पर हमला कर दिया और सींग में फंसाकर पटक दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
इलाके के लोगों ने किसी तरह से उन्हें बचाया और उन लोगों को सूचना दी। उन्हें तुरंत निजी अस्पताल लेकर गए, लेकिन बचाया नहीं जा सका। वहीं इलाके के लागों का कहना है कि आवारा जानवरों का आतंक है। नगर निगम से कई बार शिकायत के बाद भी आवारा जानवरों को नहीं पकड़ा जा रहा है। दो बार महापौर ने भी यहां अभियान चलवाया पर जानवरों का आतंक है। किदवईनगर थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार राम ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं है।
नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने बताया कि आवारा जानवरों को पकड़ने का अभियान रोजाना चलता रहता है। हर दिन कैटिल कैचिंग वाहनों संग टीम रवाना होती है। ज्यादातर जानवर ग्रामीण इलाकों से शहर में भोजन की तलाश में आ जाते हैं। ये परेशानी पैदा करते हैं।
सांड़ के हमले में हुई मौतें
दिसंबर 2025 : महाराजपुर में घर पर गाय का दूध निकाल रहे किसान अशोक कुमार को सांड ने उठाकर जमीन पर पटका और हमला किया, जिसमें उनकी मौत हो गई।
नवंबर 2025 : बिधनू में खेत जा रहे 25 वर्षीय छात्र सोमेश को सांड ने पटक-पटक कर मार डाला।
अगस्त 2025 : बिठूर में मोटरसाइकिल सवार युवक अंकित को सांड ने टक्कर मार दी। सिर पर गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई।
जुलाई 2025 : पतारा में आपस में लड़ रहे तीन सांडों ने महिला सुनीता पर हमला कर दिया था। इलाज के दौरान सुनीता की मौत हो गई।


