
संभल में फिर गरजेगा बुलडोजर, 22 मकानों को जमींदोज करने की तैयारी; ये है वजह
संभल में तालाब की सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे के खिलाफ मंगलवार को प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। भारी पुलिस बल और पीएसी की मौजूदगी में राजस्व टीम ने पैमाइश की। करीब तीन घंटे तक चले इस अभियान के बाद 40 संदिग्ध मकानों में से 22 मकान पूरी तरह अवैध पाए गए।
यूपी के संभल के हयातनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत सरायतरीन के वाजिदपुर सराय में मंगलवार को तालाब की सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। भारी पुलिस बल और पीएसी की मौजूदगी में राजस्व टीम ने पैमाइश की। करीब तीन घंटे तक चले इस अभियान के बाद 40 संदिग्ध मकानों में से 22 मकान पूरी तरह अवैध पाए गए। अब प्रशासन इन कब्जाधारकों को नोटिस देकर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की तैयारी में है।
नायब तहसीलदार दीपक कुमार जुरैल के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम मंगलवार दोपहर वाजिदपुर सराय पहुंची। तालाब की करीब 5 बीघा (0.332 हेक्टेयर) भूमि को चिह्नित करने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे। कार्रवाई के दौरान किसी भी विरोध से निपटने के लिए पांच थानों की पुलिस और पीएसी बल को तैनात किया गया था। टीम ने नक्शे के आधार पर गाटा संख्या 332 की एक-एक इंच जमीन की पैमाइश की, जिसे देखकर कब्जा करने वालों में हड़कंप मच गया। अधिकारियों ने बताया कि तालाब की इस भूमि पर बने मकान करीब 25 से 30 साल पुराने हैं।
इससे पहले भी दो बार पैमाइश की कोशिश की गई थी, लेकिन मंगलवार को तीसरी बार हुई कार्रवाई में टीम ने 40 मकानों को चिह्नित किया, जिनमें से 22 मकानों का निर्माण पूरी तरह तालाब के रकबे में पाया गया। तहसीलदार धीरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि फाइनल रिपोर्ट मिलते ही सभी अवैध कब्जाधारकों को बेदखली का नोटिस जारी किया जाएगा। इसके बाद तालाब की भूमि को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा।
राजस्व टीम में ये रहे शामिल
कार्रवाई के दौरान टीम में कानूनगो पंकज गुप्ता, सुरेंद्र सिंह, अमीचंद्र, चंद्रपाल सिंह मुस्तैद रहे। वहीं, लेखपालों की फौज में आयुष कुमार, मुकेश कुमार यादव, अमित कुमार, नितिन शर्मा, मुकेश कुमार शर्मा, गुन्नू बाबू, अनुराग शर्मा, सुभाष चंद्र, सुरेंद्र सिंह, पुष्पेंद्र सिंह, पीयूष शर्मा, हरीश कुमार, रोहित कुमार, नीरज सैनी, देवेंद्र कुमार सैनी, आशू कुमार गौतम, विकास कुमार, चंपत सिंह, सचिन गुप्ता और शहराज उस्मानी ने पैमाइश का कार्य पूर्ण किया।
टीम के सामने दस्तावेज लेकर पहुंचे लोग
संभल के सरायतरीन में तालाब की भूमि पर बने मकानों की पैमाइश का कार्य पुलिस पीएसी बल की मौजूदगी में राजस्व विभाग की टीम ने किया। इस दौरान कई मकान स्वामी टीम में शामिल अधिकारियों के सामने दस्तावेज लेकर पहुंचे, और बोले कि दशकों से वह व उनके पूर्वज इसी मकान में रह रहे थे। कुछ ने कच्चे मकानों को तोड़कर नए मकान बना लिए हैं, जबकि कुछ मकानों पर अभी भी नया निर्माण कर बहुमंजिला बनाने में लगे हैं।
क्या बोले अधिकारी
संभल के नायब तहसीलदार दीपक कुमार जुरैल ने बताया कि ग्राम वाजिदपुर सराय में तालाब की भूमि पर कब्जा मिला है। करीब दो से ढाई घंटे में पैमाइश हुई है। मौके पर कई दुकान व 20 से 25 मकान बने है। खतौनी में तालाब है। तहसीलदार न्यायायल में धारा 67 के तहत कार्रवाई की जाएगी। जिसमें नोटिस दिया जाएगा। लोगों को अपना पक्ष रखने का अवसर दिया जाएगा। बेदखली की कार्रवाई की जाएगी। लग रहा है लोग स्वयं खाली कर देंगे।

लेखक के बारे में
Ajay Singhअजय कुमार सिंह पिछले आठ वर्षों से लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में पूर्वांचल के बड़े हिस्से से खबरों का कोआर्डिनेशन देख रहे हैं। वह हिन्दुस्तान ग्रुप से 2010 से जुड़े हैं। पत्रकारिता में 27 वर्षों का लंबा अनुभव रखने वाले अजय ने टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है। हिन्दुस्तान से पहले वह ईटीवी, इंडिया न्यूज और दैनिक जागरण के लिए अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। अजय राजनीति, क्राइम, सेहत, शिक्षा और पर्यावरण से जुड़ी खबरों को गहराई से कवर करते हैं। बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट अजय फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में असिस्टेंट एडिटर हैं और उत्तर प्रदेश की राजनीति और क्राइम की खबरों पर विशेष फोकस रखते हैं।
और पढ़ें



