
यूपी के इस जिले में अचानक गरजने लगे बुलडोजर, मलबे में तब्दील हुआ इलाका
यूपी की राजधानी लखनऊ में अचानक बुलडोजर गरजने लगे। बुलडोजर ऐक्शन में कुछ ही देर में यह इलाका मलबे में बदल गया। इस दौरान 12500 वर्ग मीटर भूमि खाली कराई गई।
लखनऊ में डालीगंज से लेकर निराला नगर तक रेलवे लाइन किनारे रेलवे की जमीन पर जगह-जगह अतिक्रमण कर बनाई गई 385 झोपड़ियों पर बुलडोजर गरजे है। कुछ ही देर में यह इलाका मलबे में बदल गया। यह कार्रवाई पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल की इंजीनियरिंग विभाग ने आरपीएफ और स्थानीय पुलिस की मदद से की। इस दौरान 12500 वर्ग मीटर भूमि खाली कराई गई।
पूर्वोत्तर रेलवे के स्टेशन डालीगंज के पास से लेकर निराला नगर रेलवे क्रासिंग तक पिछले कुछ सालों में धीरे-धीरे कर झुग्गी-झोपड़ियों की बस्ती आबाद हो गई थी। इनमें रहने वाले कूड़े के कारोबार से जुड़े हुए थे। कुछ झोपड़ियां तो रेलवे लाइन के बिल्कुल किनारे बना ली गई थी। बताते हैं कि शुरू में जब रेलवे की भूमि पर पांच से छह झोपड़ियां लगाई गईं तब अधिकारियों ने ध्यान नहीं दिया। उसके बाद से बढ़ते-बढ़ते यहां पर 385 झोपड़ियां बना ली गई, जिसमें ढाई से तीन हजार लोग रह रहे थे। इसमें से लगभग 75 झोपड़ियों के लोगों ने पक्के निर्माण की दिशा में कदम बढ़ाना शुरू किया तब रेलवे अधिकारियों की नींद खुली। रेलवे भूमि खाली करने के लिए इन लोगों को चेतावनी दी गई।
कहा गया कि दिसंबर तक अपने सामान नहीं हटाए तो सभी झोपड़ियां तोड़ दी जाएंगी। चेतावनी के बाद भी न हटने पर शुक्रवार की सुबह साढ़े दस बजे रेलवे अधिकारी बुलडोजर लेकर पहुंच गए और कार्रवाई शुरू कर दी। अधिकारियों के अनुसार शाम 5.30 बजे तक चली कार्रवाई में 12500 वर्ग मीटर रेल भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। इस दौरान आरपीएफ थाना ऐशबाग और स्थानीय थाना की टीम मौजूद रही।





