लखनऊ में वकीलों के अवैध चैंबरों पर गरजा बुलडोजर; हाईकोर्ट के आदेश पर ऐक्शन, भारी हंगामा

लाइव हिन्दुस्तान, लखनऊ
Follow us on Google News
share

लखनऊ में कोर्ट के बाहर अवैध कब्जों पर नगर निगम ने बुलडोजर कार्रवाई की। इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेश पर 100 से अधिक वकीलों के चैंबर तोड़े गए। भारी पुलिस बल तैनात रहा। वकीलों ने कार्रवाई का विरोध करते हुए वैकल्पिक व्यवस्था की मांग की।

लखनऊ में वकीलों के अवैध चैंबरों पर गरजा बुलडोजर; हाईकोर्ट के आदेश पर ऐक्शन, भारी हंगामा

लखनऊ में कचेहरी के आसपास रविवार को नगर निगम की ओर से बड़े पैमाने पर बुलडोजर कार्रवाई की गई। इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेश के बाद प्रशासन ने कोर्ट परिसर के बाहर बने अवैध कब्जों को हटाने का अभियान शुरू किया। इस कार्रवाई के दौरान 100 से अधिक वकीलों के चैंबरों पर बुलडोजर चलाया गया, जबकि कुल करीब 200 से ज्यादा अवैध कब्जों को चिन्हित किया गया है, जिन्हें हटाने का लक्ष्य रखा गया है। नगर निगम के अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर पूरे अभियान की निगरानी करते दिखाई दिए। किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल भी तैनात किया गया था।

बुलडोजर ऐक्शन के विरोध में वकील

प्रशासन की टीम ने कोर्ट परिसर के आसपास बने अवैध ढांचों, दुकानों और चैंबरों को हटाने की कार्रवाई लगातार जारी रखी। इस बुलडोजर कार्रवाई का कई वकीलों ने विरोध किया। बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौके पर एकत्र हुए और नगर निगम की कार्रवाई पर नाराजगी जताई। वकीलों का कहना है कि बिना किसी वैकल्पिक व्यवस्था के उनके चैंबर हटाने से उनके कामकाज पर सीधा असर पड़ेगा और उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।

अवैध कब्जों को हटाने तक अभियान जारी रहेगा

नगर निगम अधिकारियों के मुताबिक, कोर्ट परिसर के आसपास लंबे समय से अवैध कब्जों की शिकायतें मिल रही थीं। इन कब्जों की वजह से आवागमन में दिक्कतें आ रही थीं और सुरक्षा व्यवस्था भी प्रभावित हो रही थी। इसी को ध्यान में रखते हुए इलाहाबाद हाईकोर्ट के निर्देश पर यह अभियान चलाया जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि चिन्हित सभी अवैध कब्जों को हटाने तक अभियान जारी रहेगा। वहीं, इस कार्रवाई को लेकर वकीलों और प्रशासन के बीच तनाव की स्थिति भी बनी हुई है।

हाईकोर्ट के आदेश पर हो रही कार्रवाई

आपको बता दें लखनऊ जिला कोर्ट और स्वास्थ्य भवन के आसपास बने 200 से ज्यादा अवैध वकील चैंबर हटाने के लिए हाईकोर्ट ने आदेश दिए थे। नगर निगम ने पहले नोटिस चस्पा कर वकीलों को खुद कब्जे हटाने का समय दिया, लेकिन मियाद खत्म होने के बाद भी चैंबर नहीं हटे। इसके बाद बुलडोजर कार्रवाई शुरू की गई। विरोध और हंगामे की आशंका को देखते हुए भारी पुलिस बल और पीएसी तैनात की गई है।

अवैध निर्माण पर लगाए थे लाल क्रॉस के निशान

इससे पहले वकीलों के कई चैंबर्स पर नगर निगम ने लाल क्रॉस का निशान लगाकर नोटिस चस्पा किए थे। नोटिस में 16 मई तक अतिक्रमण हटाने का समय दिया गया है। चेतावनी दी गई है कि तय समय के बाद 17 मई को प्रशासन बुलडोजर कार्रवाई करेगा और उसका खर्च अतिक्रमणकारियों से वसूला जाएगा।

sandeep

लेखक के बारे में

sandeep
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।