मस्जिद और 50 साल पुरानी मजार पर चला बुलडोजर, मुरादाबाद में प्रशासन की बड़ी कार्रवाई
यूपी के मुरादाबाद में प्रशासन की बड़ी कार्रवाई की। करीब 50 साल पुरानी मजार और उसके पीछे बने एक मकान को ध्वस्त कर दिया गया। दोनों स्थानों पर तनाव की आशंका के मद्देनजर भारी पुलिस बल तैनात रहा।
यूपी के मुरादाबाद जिले में सरकारी जमीन और नालों पर हुए अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए दो स्थानों पर बुलडोजर चलाया। एक ओर सदर तहसील के बेलवाड़ा गांव में खाद के गड्ढों के रूप में दर्ज भूमि पर बनी मस्जिद हटाकर करीब 300 वर्ग मीटर जमीन को कब्जामुक्त कराया गया, वहीं दूसरी ओर कांठ रोड स्थित सिद्ध अस्पताल के सामने नाले पर बनी करीब 50 साल पुरानी मजार और उसके पीछे बने एक मकान को ध्वस्त कर दिया गया। दोनों स्थानों पर तनाव की आशंका के मद्देनजर भारी पुलिस बल तैनात रहा।
जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया के निर्देश पर सदर तहसील की राजस्व टीम बुलडोजर के साथ बेलवाड़ा गांव पहुंची। राजस्व अभिलेखों के अनुसार गाटा संख्या 195 की 0.243 हेक्टेयर भूमि खाद के गड्ढों के रूप में दर्ज है, जिसके करीब 300 वर्ग मीटर हिस्से पर मस्जिद बनी हुई थी। प्रशासन के अनुसार स्थानीय मुस्लिम समुदाय के लोगों को समझाने के बाद राजस्व टीम ने मस्जिद को हटवाकर भूमि को कब्जा मुक्त करा लिया।
उधर, कांठ रोड पर हाल ही में निरीक्षण के दौरान डीएम, एसएसपी सतपाल अंतिल और नगरायुक्त दिव्यांशु पटेल ने पाया था कि सिद्ध अस्पताल के सामने नाले के ऊपर बनी मजार जल निकासी और सड़क चौड़ीकरण में बाधा बन रही है। इसके बाद सोमवार सुबह लोक निर्माण विभाग, नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंची और बुलडोजर से मजार को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान नाले पर बने एक मकान को भी गिरा दिया गया।
अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा
मजार हटाने के दौरान कांठ रोड पर यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई और कुछ समय के लिए जाम के हालात बन गए। कई एंबुलेंस भी जाम में फंस गईं, जिसके बाद ट्रैफिक को वन-वे कर यातायात सामान्य कराया गया। मकान मालिक इमरान ने आरोप लगाया कि उनके मकान को बिना नोटिस दिए तोड़ा गया है। वहीं प्रशासन का कहना है कि अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।


