
भारी फोर्स के बीच अवैध दुकानों और मकानों पर चले बुलडोजर, ध्वस्त किए गए निर्माण
यूपी के लखनऊ में रेलवे की जमीन पर अवैध रूप से बनीं दुकानों और मकानों पर बुलडोजर ऐक्शन हुआ। इस दौरान भारी संख्या में पुलिस मौजूद रही। कई दिनों पहले RPF ने सभी दुकानदारों को नोटिस भेजा था।
राजधानी लखनऊ में ऐशबाग रेलवे स्टेशन के मवइया क्षेत्र में रेलवे की भूमि पर अवैध रूप से बने दर्जनों दुकानों और कच्चे मकानों पर बुलडोजर ऐक्शन हुआ है। मकान और दुकान ध्वस्त किए गए। आरपीएफ की निगरानी में रेलवे अधिकारियों की मौजूदगी में यह कार्रवाई की गई। इस दौरान अवैध दुकानदारों ने विरोध किया पर भारी फ़ोर्स के आगे उनकी न चली।

आरपीएफ थाना ऐशबाग के प्रभारी इंस्पेक्टर सुरेश कुमार ने बताया कि रेलवे की जमीन पर अवैध रूप से कई लोगों ने दुकान तो कुछ ने कच्चा मकान बना रखा था। इन लोगों को स्वयं कब्जा हटाने के लिए कई बार चेतावनी और नोटिस भी दिया गया। नहीं मानने पर आज कार्रवाई की गई। जेसीबी लगा कर सड़क किनारे कब्जा कर लगाई दुकानों को तोड़ा गया है। उसके पीछे बने कच्चे(टीन शेड लगा ) मकानों को भी हटाया गया है। अवैध कब्जा करने वालों को चेतावनी दी गई है कि दोबारा कब्जा किया तो विधिक कार्रवाई की जाएगी।
नशेड़ियों का अड्डा बन गया था।
मवइया में रेलवे की जमीन पर कब्जा कर लगाई दुकानों और कच्चे मकानों में नशेड़ियों का जमावड़ा होता था। आरपीएफ थाना ऐशबाग के प्रभारी के अनुसार शाम होते ही यहां नशेड़ियों के जुटने के कारण अराजकता का माहौल होता था। इसकी लगातार शिकायतें मिल रही थीं। कब्जा हटने के बाद इस पर लगाम लगेगी।
32 अवैध प्लाटिंग तोड़ी
वहीं लखनऊ विकास प्राधिकरण के जोनल अधिकारी व इंजीनियर गुरुवार को जागे। उपाध्यक्ष की कड़ी फटकार के बाद दस्ते ने गुरुवार को अवैध निर्माण व प्लाटिंग के खिलाफ जबरदस्त अभियान चलाया। इस दौरान गोमती नगर विस्तार में रोक के बावजूद बन रहे होटल, कॉम्पलेक्स, गोदाम समेत 11 अवैध निर्माणों को सील किया गया। इसी तरह चौक, ठाकुरगंज व दुबग्गा क्षेत्र में बहुमंजिला कॉम्पलेक्स समेत 03 अवैध निर्माण सील किये गये। इसी के साथ एक दिन में 32 अवैध प्लाटिंग गिरा दी। दस्ते ने नैमिष नगर योजना के ग्राम-पलहरी में लगभग 50 बीघा क्षेत्रफल में की जा रही 04 अवैध प्लाटिंग पर बुलडोजर चलाया गया। जबकि, मोहनलालगंज व काकोरी में अभियान चलाकर 14 अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त किया गया। हिन्दुस्तान ने नैमिष नगर के पलहरी में अवैध प्लाटिंग की खबर प्रमुखता से प्रकाशित की थी।





