ट्रिपल मर्डर का मुख्य आरोपी जीतू एनकाउंटर में ढेर, बुलंदशहर में मुठभेड़, चार पुलिस वालों को भी लगी गोली
बुलंदशहर के चर्चित ट्रिपल मर्डर केस के मुख्य आरोपी और 50 हजार के इनामी जीतू सैनी को पुलिस ने गुरुवार सुबह एनकाउंटर में ढेर कर दिया। सिकंदरपुर फ्लाईओवर के पास हुई इस मुठभेड़ में स्वाट टीम प्रभारी समेत चार पुलिस वालों को भी गोली लगी।

UP News: यूपी के बुलंदशहर में हुए सनसनीखेज ट्रिपल मर्डर के मुख्य आरोपी जीतू सैनी को गुरुवार की सुबह पुलिस ने एनकाउंटर में मार गिराया। जीतू सैनी पर डीआईजी ने 50 हजार का इनाम घोषित किया गया था। इस दौरान एक अन्य आरोपी फरार हो गया। मुठभेड़ में चार पुलिस वालों को भी गोली लगी है। फायरिंग में स्वाट टीम प्रभारी और एक हेड कांस्टेबल घायल हो गए। जबकि खुर्जा कोतवाल रामपाल सिंह और पुलिसकर्मी कपिल कुमार की बुलेट प्रूफ जैकेट में गोली लगने से वह बाल-बाल बचे हैं। सिंकंदरपुर पुल के पास स्वाट टीम और खुर्जा कोतवाली की पुलिस के साथ मुठभेड़ हुई। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस टीमें लगी हैं।
25 अप्रैल की रात थाना खुर्जा नगर क्षेत्रान्तर्गत सुभाष रोड रोड स्थित आरजेएस फिटनेस जिम पर पूर्व सभासद संजय सैनी के भाई मनीष, अमनदीप और भतीजे आकाश सैनी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मारे गए अमनदीप के पिता की तहरीर पर पुलिस ने दस लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया था। विवेचना में एक अन्य आरोपी प्रकाश में आया। इनमें से पांच आरोपी पहले ही गिरफ्तार हो चुके हैं। तीन आरोपियों को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गोली मारने के बाद पकड़ा था।
सीओ खुर्जा शोभित कुमार ने बताया कि गुरुवार की सुबह पुलिस व स्वाट टीम की सिकंदरपुर फ्लाईओवर के पास मुख्य आरोपी जीतू सैनी और उसके साथी से मुठभेड़ हो गई। इसमें दोनों ओर से हुई फायरिंग में जीतू सैनी पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया। दूसरा आरोपी मौका पाकर फरार हो गया। जीतू सैनी की ओर से की गई फायरिंग में स्वाट टीम प्रभारी असलम और हेड कांस्टेबल मोहित मलिक घायल हो गए। कोतवाल और एक अन्य पुलिस वाले की बुलेट प्रूफ जैकेट में गोली लगी। सभी को अस्पताल पहुंचाया गया। वहां जीतू को मृत घोषित कर दिया गया। सीओ ने बताया कि ट्रिपल मर्डर केस में मुख्य आरोपी जीतू सैनी वांछित चल रहा था। इसकी गिरफ्तारी पर डीआईजी ने 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस मुठभेड़ में 50 हजार का इनामी बदमाश जीतू सैनी गोली लगने से घायल हुआ था। उसे जिला अस्पताल में डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस मुठभेड़ में स्वाट टीम प्रभारी असलम और सिपाही मोहित गोली लगने से घायल हो गए। खुर्जा कोतवाल रामफल सिंह और पुलिसकर्मी कपिल के बुलेट प्रूफ जैकेट में गोली लगी है। मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Yogesh Yadavयोगेश यादव लाइव हिन्दुस्तान में पिछले छह वर्षों से यूपी सेक्शन को देख रहे हैं। यूपी की राजनीति, क्राइम और करेंट अफेयर से जुड़ी खबरों को कवर करने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। यूपी की राजनीतिक खबरों के साथ क्राइम की खबरों पर खास पकड़ रखते हैं। यूपी में हो रहे विकास कार्यों, शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में आ रहे बदलाव के साथ यहां की मूलभूत समस्याओं पर गहरी नजर रखते हैं।
पत्रकारिता में दो दशक का लंबा अनुभव रखने वाले योगेश ने डिजिटल से पहले प्रिंट में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। लम्बे समय तक हिन्दुस्तान वाराणसी में सिटी और पूर्वांचल के नौ जिलों की अपकंट्री टीम को लीड किया है। वाराणसी से पहले चड़ीगढ़ और प्रयागराज हिन्दुस्तान को लांच कराने वाली टीम में शामिल रहे। प्रयागराज की सिटी टीम का नेतृत्व भी किया।
बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से बीकॉम में ग्रेजुएट और बनारस की ही काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट योगेश ने कई स्पेशल प्रोजेक्ट पर काम भी किया है। राष्ट्रीय नेताओं के दौरों को कवर करते हुए उनके इंटरव्यू किये। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मौत से जुड़े रहस्यों पर हिन्दुस्तान के लिए सीरीज भी लिख चुके हैं।


