रोडवेज बस चालक ने साथियों संग किया युवक पर जानलेवा हमला
Bulandsehar News - - दवाई दिलाने जा रहे युवक के साथ हुई वारदात, सिर व चेहरे पर आई गंभीर चोटेंरोडवेज बस चालक ने साथियों संग किया युवक पर जानलेवा हमला

कोतवाली नगर क्षेत्र में रोडवेज बस चालक और उसके साथियों पर एक युवक पर जानलेवा हमला कर गंभीर रूप से घायल करने का आरोप लगा है। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिवपुरी क्षेत्र निवासी नीरज कुमार शर्मा पुत्र स्व. बेगराज शर्मा ने कोतवाली नगर में दी गई शिकायत में बताया कि उनका पुत्र अभिनव शर्मा 26 फरवरी की रात करीब 10:15 बजे पड़ोसी अमन पुत्र नजीर को दवाई दिलाने के लिए स्कूटी से रोडवेज बस स्टैंड जा रहा था। आरोप है कि फ्लाईओवर पार करने के दौरान एक छोटे वाहन से बाल-बाल बचते हुए वह आगे बढ़ा।
इसी दौरान मंदिर के पास तेज गति से आ रही एक रोडवेज बस से उसका विवाद हो गया। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि रोडवेज बस स्टैंड पहुंचने पर बस चालक और उसके तीन साथियों ने, जो कथित रूप से नशे की हालत में थे, अभिनव पर जानलेवा हमला कर दिया। मारपीट में उसके सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। साथ गए अमन ने किसी तरह बीच-बचाव कर उसे बचाया। शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के दौरान युवक का वीवो कंपनी का मोबाइल फोन भी गिरकर खो गया। परिजनों के अनुसार अभिनव के सिर का बचपन में चार बार ऑपरेशन हो चुका है, जिससे चोटें और अधिक गंभीर मानी जा रही हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। तहरीर में अजय कुमार और बस चालक दिनेश का नाम प्रमुख रूप से दर्ज कराया गया है। कोतवाली नगर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे प्रकरण की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की है। -------------
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


