बुलंदशहर : औद्योगिक क्षेत्र में फिर भड़का श्रमिकों में असंतोष, मानदेय बढ़ाने की मांग पर काम ठप
Bulandsehar News - बुलंदशहर के सिकंदराबाद औद्योगिक क्षेत्र में वीलाइन कंपनी के श्रमिकों ने मानदेय बढ़ाने और अन्य सुविधाओं की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। मजदूरों ने आरोप लगाया कि उन्हें लंबे समय से कम मानदेय पर काम कराया जा रहा है। अधिकारियों ने उनकी समस्याएं सुनीं और उचित समाधान का आश्वासन दिया।
बुलंदशहर। नोएडा में हुए श्रमिकों के हिंसक प्रदर्शन की तपिश सिकंदराबाद औद्योगिक क्षेत्र तक भी पहुंच रही है। यहां स्थित वीलाइन कंपनी में मंगलवार सुबह एक बार फिर श्रमिकों का गुस्सा फूट पड़ा। मानदेय बढ़ाने व अन्य सुविधाओं की मांग को लेकर मजदूरों ने कंपनी गेट पर जोरदार प्रदर्शन किया और काम पूरी तरह ठप कर दिया। श्रमिकों ने ठेकेदारों पर शोषण के गंभीर आरोप लगाए। प्रदर्शन कर रहे मजदूरों का कहना है कि उनसे लंबे समय से कम मानदेय पर काम कराया जा रहा है, जबकि उन्हें मूलभूत सुविधाएं तक उपलब्ध नहीं कराई जा रहीं। कई बार मांग उठाने के बावजूद प्रबंधन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
सूचना मिलते ही एसडीएम दीपक कुमार पाल और सीओ भास्कर कुमार मिश्रा मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने श्रमिकों और कंपनी प्रबंधन के साथ वार्ता कर उनकी समस्याएं सुनीं और उचित समाधान का आश्वासन दिया। अधिकारियों के समझाने-बुझाने के बाद फिलहाल श्रमिक शांत हो गए, लेकिन उन्होंने स्पष्ट किया कि अब वे लिखित आश्वासन मिलने के बाद ही पूरी तरह काम शुरू करेंगे। बताया गया कि वीलाइन कंपनी में फ्रिज और कूलर के पार्ट्स बनाए जाते हैं। इससे पहले सोमवार को भी श्रमिकों ने अपनी मांगों को लेकर काम रोक दिया था। उधर, औद्योगिक क्षेत्र की ही टैग टॉपिकल एग्रो सिस्टम इंडिया प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में भी सोमवार को मजदूरों ने धरना-प्रदर्शन किया था। हालांकि अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद वहां श्रमिक काम पर लौट आए थे। लगातार दो कंपनियों में श्रमिकों के प्रदर्शन से औद्योगिक क्षेत्र में श्रमिक असंतोष बढ़ता नजर आ रहा है। अधिकारियों का कहना है कि श्रमिकों की मांगों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


