बादलों की लुकाछिपी के बीच बारिश की आहट
Bulandsehar News - बुलंदशहर में मौसम में बदलाव से गर्मी से राहत मिली है, लेकिन किसानों की चिंता बढ़ गई है। ठंडी हवाओं और हल्की बारिश से गेहूं और सरसों की फसलों को नुकसान हो सकता है। अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम 18 डिग्री सेल्सियस है। मौसम विभाग ने अगले दिन भी बारिश की संभावना जताई है।

बुलंदशहर। मंगलवार को मौसम के बदले रुख ने आमजन को गर्मी से राहत दी है। दिन की शुरुआत भले ही तेज धूप के साथ हुई थी, लेकिन दिन बढ़ने के साथ आसमान में छाए बादलों ने मौसम बदल दिया। ठंडी हवाओं और हल्की बूंदाबांदी ने मौसम को सुहाना बना दिया है। हालांकि, मौसम के इस यू-टर्न ने किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें खींच दी हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में किसान अपनी तैयार फसल को लेकर खासे चिंतित नजर आए। किसानों का कहना है कि इस समय बारिश होने से गेहूं और सरसों जैसी फसलों को भारी नुकसान पहुंच सकता है।
यदि तेज हवा के साथ बारिश हुई, तो फसलें खेतों में बिछ सकती हैं, जिससे पैदावार और गुणवत्ता दोनों प्रभावित होगी। अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बादलों के प्रभाव और ठंडी हवाओं के चलते अधिकतम तापमान में सामान्य से गिरावट महसूस की गई। मौसम का पूर्वानुमान विभाग की मानें तो बुधवार को भी बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। पारे में और गिरावट आने के संकेत हैं, जिससे अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क सकता है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


