Bulandsehar News: सुबह बादलों की आवाजाही, दोपहर में झमाझम बारिश से मौसम सुहाना
Bulandsehar News: सुबह बादलों की आवाजाही, दोपहर में झमाझम बारिश से मौसम सुहाना
Bulandsehar News: जनपद में शुक्रवार को सुबह से ही मौसम का मिजाज बदला रहा। दिन बढ़ने के साथ ही आसमान में बारिश के बादल छा गए और दोपहर में झमाझम बारिश होने से मौसम में अचानक बदलाव आ गया। बारिश के बीच कुछ देर के लिए धूप भी निकली, लेकिन इसके बाद शाम तक रुक-रुककर बारिश होती रही। दिनभर कभी बादल छाए रहने तो कभी बूंदाबांदी का मौसम बना रहा। झमाझम बारिश से मौसम सुहाना हो गया और लोगों को गर्मी से राहत मिली। हालांकि बारिश के चलते शहर की यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई और मुख्य चौराहों पर जाम लगा रहा। सड़कों पर हुए जलभराव और कीचड़ से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया, जिससे दो पहिया वाहन चालक व राहगीर जगह-जगह परेशान नजर आए। वहीं दोपहर में स्कूलों की छुट्टी होने के समय तेज बारिश होने के चलते स्कूली बच्चों को भी खासी परेशानी का सामना करना पड़ा.
तापमान में गिरावट, आगे भी बारिश की संभावना
मौसम में आए इस बदलाव के चलते जिले का न्यूनतम तापमान 26 डिग्री और अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। मौसम विभाग के मुताबिक आगामी दिनों में भी बारिश की संभावना बनी हुई है और इस दौरान तापमान में दो से तीन डिग्री तक उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा.
आवागमन हुआ कम, वाहनों की आवाजाही घटी
बारिश के चलते आवागमन भी कम हो गया। झमाझम बारिश के चलते वाहन चालक और राहगीर जहां थे, वहीं रूक गए। बारिश हल्की होने के बाद लोग अपने गंतव्य स्थान के लिए निकले।


