
उमंग और उत्साह के साथ हुआ नए साल का स्वागत, फूलों से महके बाजार
Bulandsehar News - बुलंदशहर में नए साल 2026 का जोरदार स्वागत किया गया। 31 दिसंबर को बाजारों में भारी भीड़ रही, जहां लोग खरीदारी कर रहे थे। युवाओं ने आतिशबाजी की और होटलों में पार्टियाँ हुईं। मिठाई और फूलों की अधिकतम बिक्री हुई। पुलिस ने सुरक्षा के लिए व्यवस्था की, जिससे सभी ने सकारात्मकता के साथ नए साल का स्वागत किया।
बुलंदशहर। जिले में नूतन वर्ष 2026 का जोरदार स्वागत किया गया। बुधवार को साल के अंतिम दिन 31 दिसंबर 2025 की विदाई और नए साल के आगाज को लेकर लोगों में भारी उत्साह देखने को मिला। नगर से लेकर देहात तक के बाजार ग्राहकों से गुलजार रहे, जहां लोगों ने जमकर खरीदारी की। युवाओं ने आतिशबाजी कर जश्न मनाया, तो वहीं होटलों और घरों में देर रात तक पार्टियों का दौर चलता रहा। देर शाम से ही लोगों को नव वर्ष की बधाई देने का सिलसिला शुरू हो गया था। नगर से लेकर देहात क्षेत्रों तक में नूतन वर्ष का स्वागत धूम धड़ाके से किया गया।
नगर के अंसारी रोड, चौक बाजार, डीएम रोड, काली नदी रोड, दिल्ली रोड सहित अन्य बाजारों में देर रात तक रौनक बनी रही और लोगों ने खूब खरीदारी की। बाजारों में सुबह से ही गहमागहमी शुरू हो गई थी। गिफ्ट आइटम और ग्रीटिंग कार्ड्स की दुकानों पर युवाओं की भारी भीड़ रही। लोगों ने एक-दूसरे को उपहार देकर नए साल की शुभकामनाएं दीं। इस बार बाजारों में सबसे ज्यादा मांग फूलों की रही। गुलाब और बुके गुलदस्ते की रिकॉर्ड बिक्री दर्ज की गई। मिठाइयों की दुकानों पर भी ग्राहकों की लंबी लाइनें लगी रहीं, लोगों ने घरों के लिए जमकर मिठाइयां और केक खरीदे। ------ आतिशबाजी से रोशन हुआ आसमान 31 दिसंबर की विदाई के साथ ही जैसे ही घड़ी ने रात के 12 बजाए, पूरा जिला आतिशबाजी की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। युवाओं ने जमकर पटाखे छुड़ाए और 'हैप्पी न्यू ईयर' के नारों के साथ साल 2026 का अभिनंदन किया। शहर के प्रमुख होटलों और रेस्टोरेंट्स को बिजली की झालरों और फूलों से भव्य रूप से सजाया गया था, जहां संगीत की धुनों पर लोग थिरकते नजर आए। आसमान में रंग-बिरंगी की आतिशबाजी के स्काई शॉट्स ने लोगों को आश्चार्य चकित कर दिया। बाजारों में पूरी तरह से लोगों पर नए साल का रंग दिखा। 31 दिसंबर की सुबह से लोगों ने सोशल मीउिया पर एक दूसरे को बधाई देनी शुरू कर दी थी। वहीं, ग्रामीण क्षेत्रों में भी नए साल को लेकर खासा उत्साह रहा। बाजारों में सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस बल भी मुस्तैद दिखा, ताकि जश्न के दौरान शांति व्यवस्था बनी रहे। कुल मिलाकर, जिलेवासियों ने बेहद सकारात्मकता और जोश के साथ नए साल की दहलीज पर कदम रखा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




