महिलाओं की समस्याओं का प्राथमिकता से हो निस्तारण: मनीषा अहलावत
संक्षेप: Bulandsehar News - उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य मनीषा अहलावत ने महिलाओं की समस्याओं को सुनकर निस्तारण के आदेश दिए। उन्होंने महिलाओं को जागरूक करने के लिए मिशन शक्ति अभियान की जानकारी दी। वन स्टाप वन सेंटर का...

उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य मनीषा अहलावत ने बुधवार को जिले में पहुंचकर महिलाओं की समस्याओं को सुनकर तत्काल उनके निस्तारण के आदेश दिए। मिशन शक्ति अभियान के बारे में महिलाओं को जागरूक करते हुए उन्हें सशक्त बनाया जाए। सदस्य ने जिला अस्पताल में बनें वन स्टाप वन सेंटर का निरीक्षण किया और महिला उत्पीड़न के मामलों के बारे में जानकारी ली। भूड़ चौराहा स्थित लोक निर्माण विभाग के गेस्ट हाउस में महिलाओं की समस्याओं को सुनते हुए राज्य महिला आयोग की सदस्य मनीषा अहलावत ने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर है। मिशन शक्ति जैसे अभियान चलाकर महिलाओं को राज्य में सशक्त बनाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जिले में महिलाओं का उत्पीड़न बिल्कुल न हो, जो भी शिकायतें आती हैं उनका समय से निस्तारण कर उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट भेजी जाए। इस दौरान उन्होंने महिला कल्याण एवं बाल विकास संबंधित कार्यों के बारे में अफसरों से जानकारी ली। जिला प्रोबेशन अधिकारी जय प्रकाश यादव ने बताया कि कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, रानी लक्ष्मीबाई सम्मान कोष योजना के माध्यम से आर्थिक सहायता दी जा रही है। जनसुनवाई के दौरान दस महिलाओं द्वारा शिकायती प्रार्थना पत्र दिए गए। इसके बाद उन्होंने लखावटी में आयोजित पंचायत पोषण कार्यक्रम में प्रतिभाग कर महिलाओं को जागरूक किया। इस अवसर पर संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




