पुलिस भर्ती परीक्षा में फर्जी परीक्षार्थी मामले में दो पर एफआईआर दर्ज
पुलिस भर्ती परीक्षा में फर्जी परीक्षार्थी मामले में दो पर एफआईआर दर्ज

उत्तर प्रदेश पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा में फर्जी अभ्यर्थी बनकर परीक्षा देने के मामले में सिकंदराबाद कोतवाली में एटा के दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। केंद्र प्रभारी एवं कोतवाली देहात में तैनात इंस्पेक्टर डीएन शाही की तहरीर पर एफआईआर दर्ज की गई हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। बुधवार को सिकंदराबाद स्थित जैन इंटर कॉलेज में उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा आयोजित की जा रही थी। परीक्षा के दौरान केंद्र प्रभारी इंस्पेक्टर डीएन शाही को सूचना मिली कि एक अभ्यर्थी किसी अन्य के स्थान पर परीक्षा दे रहा है। सूचना मिलने पर केंद्र व्यवस्थापक, स्टेटिक मजिस्ट्रेट तथा पुलिस टीम ने संबंधित परीक्षार्थी की जांच की। दस्तावेजों के सत्यापन और पूछताछ के दौरान संदेह होने पर अभ्यर्थी का बायोमेट्रिक एवं केवाईसी सत्यापन कराया गया।
चचेरे भाई की दे रहा था परीक्षा
जांच में खुलासा हुआ कि परीक्षा दे रहा युवक वास्तविक अभ्यर्थी नहीं था। पकड़ा गया युवक अजीत पुत्र रूप किशोर निवासी ग्राम जटोली, थाना निधौलीकलां, जनपद एटा निकला, जो अपने चचेरे भाई अनिल पुत्र देवेंद्र सिंह के स्थान पर परीक्षा दे रहा था। पुलिस ने बताया कि अजीत कुमार ने स्वयं को अनिल कुमार बताकर परीक्षा केंद्र में प्रवेश किया और उसके स्थान पर परीक्षा देने का प्रयास किया। आरोपी के कब्जे से प्रवेश पत्र, आधार कार्ड, ओएमआर शीट की प्रति सहित अन्य दस्तावेज बरामद किए गए हैं। पूछताछ में सामने आया कि उसने अनिल कुमार को अनुचित लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से यह धोखाधड़ी की।
पुलिस कार्रवाई
केंद्र प्रभारी इंस्पेक्टर डीएन शाही की तहरीर पर सिकंदराबाद कोतवाली में दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है तथा यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि भर्ती परीक्षा में फर्जीवाड़े के पीछे कोई संगठित गिरोह या अन्य लोग तो शामिल नहीं हैं। वहीं, पुलिस ने आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।
-------
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


