यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा: तीन दिवसीय महाकुंभ संपन्न, केंद्रों पर 13,203 अभ्यर्थियों ने छोड़ी परीक्षा

हिन्दुस्तान, बुलंदशहर
Follow us on Google News
share

यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा: तीन दिवसीय महाकुंभ संपन्न, केंद्रों पर 13,203 अभ्यर्थियों ने छोड़ी परीक्षा

यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा: तीन दिवसीय महाकुंभ संपन्न, केंद्रों पर 13,203 अभ्यर्थियों ने छोड़ी परीक्षा

उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित सिपाही नागरिक पुलिस सीधी भर्ती की लिखित परीक्षा बुधवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गई। जिले में बनाए गए 20 परीक्षा केंद्रों पर तीन दिनों तक चला यह परीक्षा का महाकुंभ पूरी तरह शुचितापूर्ण और पारदर्शी रहा। इस बार शासन और प्रशासन द्वारा नकल माफियाओं और सॉल्वर गैंग पर नकेल कसने के लिए चक्रव्यूह जैसी सुरक्षा व्यवस्था तैयार की गई थी जिसका सीधा असर केंद्रों पर साफ देखने को मिला। चप्पे-चप्पे पर तैनात पुलिस बल, सघन चेकिंग, थंब इंप्रेशन और आधुनिक तकनीक के कड़े पहरे को देखकर संदिग्धों और बिना तैयारी के आए अभ्यर्थियों के हौसले पूरी तरह पस्त हो गए। बुधवार को अंतिम दिन केंद्रों पर परीक्षार्थी सुबह से पहुंचने शुरू हो गए थे। सुबह दस से लेकर दोपहर 12 बजे तक परीक्षा चली इसमें 8160 परीक्षार्थी पंजीकृत थे इनमें से 2184 ने परीक्षा से किनारा कर लिया और 5974 परीक्षा में शामिल हुए। दूसरी पाली दोपहर तीन से शाम पांच बजे तक चली इसमें भी 8160 परीक्षार्थी पंजीकृत थे इनमें 2057 अनुपस्थित रहे और 6103 ने परीक्षा में भाग लिया। अंतिम दिन दोनों पालियों में 4241 ने परीक्षा छोड़ दी और 12079 उपस्थित रहे। डीआईओएस विनय कुमार ने बताया कि तीन दिन की छह पालियों में कुल 48996 परीक्षार्थी पंजीकृत थे इनमें से 13203 ने परीक्षा छोड़ दी और कुल 35793 परीक्षार्थी उपस्थित रहे। भर्ती बोर्ड की गाइड लाइन के अनुसार जिले में परीक्षा को कराया गया है। परीक्षा एजेंसी द्वारा पूरा डाटा एकत्र करके बोर्ड को ले जाया जा रहा है।

बायोमैट्रिक वेरिफिकेशन और जैमर्स का रहा कड़ा पहरा

पुलिस भर्ती बोर्ड और जिला प्रशासन ने सुरक्षा के ऐसे अभेद्य इंतजाम किए थे कि किसी भी स्तर पर गड़बड़ी की गुंजाइश नहीं छोड़ी गई। प्रत्येक परीक्षा केंद्र के कमरों और गलियारों में हाई-फ्रीक्वेंसी वाले इलेक्ट्रॉनिक जैमर्स लगाए गए थे, जिससे मोबाइल, ब्लूटूथ या कोई भी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस पूरी तरह निष्क्रिय हो गए। इसके अलावा केंद्रों में अभ्यर्थियों को सीधे प्रवेश नहीं दिया गया। गेट पर पुलिस की सघन तलाशी के बाद बायोमैट्रिक अटेंडेंस और फेशियल रिकग्निशन की प्रक्रिया से गुजरना पड़ा। थंब इंप्रेशन और चेहरे का मिलान सही पाए जाने के बाद ही अभ्यर्थियों को कक्ष के भीतर जाने की अनुमति दी गई।

हाथरस से लेकर बिजनौर तक के युवाओं का था सेंटर, बसों में मची रही आपाधापी

जिले को इस बार पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई महत्वपूर्ण जिलों का परीक्षा हब बनाया गया था। स्थानीय परीक्षार्थियों के अलावा हाथरस, एटा, मथुरा, मेरठ, शामली, मुजफ्फरनगर और बिजनौर सहित करीब आधा दर्जन से अधिक जिलों के परीक्षार्थियों का सेंटर डाला गया था। इसके चलते शहर के होटल, धर्मशालाएं और लॉज पूरी तरह पैक रहे। परीक्षा छूटने के बाद बुलंदशहर रोडवेज बस स्टैंड और रेलवे स्टेशनों पर परीक्षार्थियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। रोडवेज प्रशासन को अतिरिक्त बसें चलानी पड़ीं मगर फिर भी ट्रेनों और बसों में पैर रखने तक की जगह नहीं दिखी। भूड़ चौराहे से दिल्ली, मेरठ और अलीगढ़ जाने वाली बसों में देर शाम तक परीक्षार्थियों की मारा-मारी रही।

मजिस्ट्रेटों की रही तैनाती

परीक्षा की संवेदनशीलता को देखते हुए पूरे जिले को जोनों और सेक्टरों में बांटा गया था। सुरक्षा की कमान खुद जोनल, स्टेटिक और सेक्टर मजिस्ट्रेटों ने संभाल रखी थी। परीक्षा के दौरान पल-पल की रिपोर्ट कंट्रोल रूम को भेजी जा रही थी। जिले के आला प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस कप्तानों ने लगातार तीन दिनों तक भारी पुलिस बल के साथ अलग-अलग केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। कंट्रोल रूम से भी सीसीटीवी कैमरों के जरिए हर केंद्र की लाइव मॉनिटरिंग की जा रही थी। प्रशासन की इसी मुस्तैदी के चलते तीन दिन तक चली यह विशाल परीक्षा शांतिपूर्वक संपन्न हो गई।

कोट--

जिले में यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा 20 केंद्रों पर संपन्न हो गई। 13,203 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी है। अंतिम दिन दो पालियों की परीक्षा शांतिपूर्वक हुई है। इसमें 4241 ने परीक्षा छोड़ दी है। भर्ती बोर्ड की गाइड लाइन के अनुसार परीक्षा संपन्न कराई गई है। बोर्ड से नामित परीक्षा एजेंसी पूरा डाटा अपने साथ ले गई है।

-विनय कुमार, डीआईओएस

----- सिराज सैफी

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न

परीक्षा में कितने परीक्षार्थी पंजीकृत थे?
कुल 48996 परीक्षार्थी पंजीकृत थे।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।