
यूपी बोर्ड: 115 केंद्रों की अनंतिम सूची जारी, चार तक लगेंगी आपत्तियां
Bulandsehar News - यूपी बोर्ड: यूपी बोर्ड: 115 केंद्रों की अनंतिम सूची जारी, चार तक लगेंगी आपत्तियां यूपी बोर्ड: 115 केंद्रों की अनंतिम सूची जारी, चार तक लगेंगी आपत्तिया
यूपी बोर्ड हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षाओं को कराने के लिए बोर्ड से अनंतिम सूची सोमवार को जारी हो गई है। जिले की सातों तहसीलों के 115 कॉलेजों को केंद्र बनाकर भेजा गया है। जिले के करीब 40 राजकीय कॉलेजों को भी इस सूची में रखा है, मगर कुछ ही कॉलेजों में परीक्षा कराने की व्यवस्थाएं हैं। बोर्ड ने यह सूची ऑनलाइन भेजी है पहले जिले के सभी कॉलेजों की मूलभूत सुविधाओं का डाटा अपलोड किया गया था इसके बाद यह सूची आई है। चार दिसंबर तक सूची पर आपत्तियां स्वीकार की जाएंगी। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद हाईस्कूल व इंटरमीडिएट वर्ष 2026 की परीक्षाएं 18 फरवरी से आरंभ हो रही हैं।
जिले में परीक्षाओं के लिए केंद्रों का निर्धारण किया जा रहा है। गत दिनों जिले के सभी राजकीय, एडेड माध्यमिक व प्राइवेट कॉलेजों की मूलभूत सुविधाओं का डाटा बोर्ड के पोर्टल पर अपलोड कर दिया था। बोर्ड ने सोमवार को 115 कॉलेजों को केंद्र बनाते हुए अनंतिम सूची जारी कर दी है। बोर्ड से जो सूची आई है इसमें ऐसे राजकीय कॉलेजों को केंद्र बनाया गया है जिनमें कोई व्यवस्थाएं नहीं हैं, इसके अलावा कुछ एडेड कॉलेज भी हैं। वहीं, जो कॉलेज केंद्र के लिए मानकों को पूरा कर रहे हैं और विगत वर्षों से केंद्र बनते हुए आ रहे हैं उन्हें सूची से हटा दिया गया है। अधिकतर कॉलेज ऐसे हैं जो परीक्षा केंद्रों के लिए मानकों को पूरा नहीं कर रहे हैं। डीआईओएस विनय कुमार ने बताया कि उक्त सूची पर केंद्र के संबंध में कोई आपत्ति है तो वे ऑनलाइन चार दिसंबर तक दर्ज करा सकते हैं। आपत्तियों के निस्तारण के बाद जनपदीय केंद्र निर्धारण समिति से अनुमोदन करते हुए केंद्रों की सूची बोर्ड को भेजी जाएगी इसे 11 दिसंबर तक अग्रसर करना है। बोर्ड की गाइड लाइन के अनुसार केंद्रों का निर्धारण जिले में किया जाएगा। ----- हटेंगे काफी राजकीय स्कूल जिले में राजकीय स्कूलों की संख्या 50 है और इनमें मात्र कुछ ही कॉलेजों में परीक्षा कराने की व्यवस्थाएं हैं। बोर्ड ने करीब 40 कॉलेजों को केंद्रों की सूची में रखा है तो लगभग दस राजकीय कॉलेजों को ही केंद्र बनाया जाएगा। सूची का गहनता से निरीक्षण होगा और जो कॉलेज विगत वर्षों से केंद्र बनते आ रहे हैं उन्हें भी सूची में लिया जाएगा। जिन कॉलेजों में व्यवस्थाएं नहीं उन्हें सभी को हटाया जाएगा। हालांकि आपत्तियों के आधार पर भी केंद्र हटेंगे। बता दें कि गत वर्ष की परीक्षाओं में जिले में 110 केंद्र बनाए थे। इस बार परीक्षा देने वाले छात्रों की संख्या 84 हजार है तो 100 के आसपास केंद्र बनाए जा सकेंगे। ---- कोट--- बोर्ड से 115 केंद्रों की अनंतिम सूची आ गई है, इसकी समीक्षा हो रही है। चार दिसंबर तक आपत्तियां स्वीकार की जाएंगी। बोर्ड की गाइड लाइन के अनुसार जिले में केंद्रों का निरीक्षण होगा। साफ छवि वाले कॉलेजों को ही केंद्र बनाया जाएगा। -विनय कुमार, डीआईओएस

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




