अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत, परिवार में मचा कोहराम
अहमदगढ़ के थाना क्षेत्र में एक युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई। युवक नरेंद्र, जो बाइक पर थे, को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। गंभीर घायल होने पर अस्पताल में निधन हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और चालक की तलाश में जांच शुरू कर दी है।

थाना क्षेत्र अहमदगढ़ में सड़क हादसे में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। अज्ञात वाहन की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हुए युवक ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम मुरादपुर निवासी नरेंद्र पुत्र दलबीर सिंह किसी रिश्तेदार को लेने के लिए मोटरसाइकिल से अहमदगढ़ जा रहे थे। इसी दौरान अहमदगढ़ के निकट लखावटी मध्य गंगा नहर की पटरी पर किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर
इतनी भीषण थी कि नरेंद्र गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। राहगीरों की सूचना पर 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और उन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिकारपुर ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई। क्षेत्र के लोगों ने भी युवक की असमय मृत्यु पर गहरा दुख व्यक्त किया। थाना प्रभारी निरीक्षक विशंभर दयाल गंगवार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अज्ञात वाहन की पहचान और चालक की तलाश के लिए पुलिस जांच कर रही है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।


