करोड़ों रुपये की हेराफेरी में डेयरी मालिक समेत तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार
संक्षेप: Bulandsehar News - करोड़ों रुपये की हेराफेरी में डेयरी मालिक समेत तीन आरोपियों को किया गिरफ्तारकरोड़ों रुपये की हेराफेरी में डेयरी मालिक समेत तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार
खुर्जा देहात क्षेत्र में बुलंदशहर-खुर्जा मार्ग स्थित मधुसूदन दुग्ध उत्पादन इकाई में करोड़ों की हेराफेरी के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने पूछताछ कर आरोपियों का चालान कर दिया है। इस मामले में खुर्जा देहात पुलिस के कार्रवाई न करने पर सीएम से शिकायत की गई थी, जिसमें बाद मामले की जांच सीओ खुर्जा ने की थी। गौरतलब है कि थाना खुर्जा देहात क्षेत्र स्थित क्रीमी फूड लिमिटेड दुग्ध उत्पादन कंपनी के मधुसूदन प्लांट में करोड़ों की हेराफेरी का मामला सामने आया था। जनवरी 2025 को कंपनी के प्रबंधक लखन लाल शर्मा ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया था कि उनकी कंपनी की ओर से दुग्ध उत्पाद तैयार कर बाजार में बेचे जाते हैं।

कंपनी में अलग-अलग डेयरियों के दूध के कैंटर आते हैं, जिनके वजन तौलने के लिए धर्मकांटा है। धर्मकांटा पर गांव धमरावली निवासी प्रेम कुमार शर्मा ऑपरेटर था। 24 जनवरी को बुलंदशहर के स्याना रोड स्थित ज्योति डेयरी का कैंटर का धर्मकांटा पर वजन मापा गया। ऑपरेटर प्रेम कुमार शर्मा ने कैंटर की पर्ची 25,505 किलोग्राम की बनाई। धर्मकांटा पर तैनात दूसरे ऑपरेटर ने शक होने पर कैंटर का पुन: वजन लिया तो वह 18,705 किलोग्राम आया। इससे चोरी पकड़ी गई। दस्तावेजों की जांच में पता चला कि बीते कुछ माह के दौरान ज्योति डेयरी के मालिक ओम प्रकाश सिंह उफ खचेडू और उसके पुत्र महेंद्र सिंह निवासी गांव सुरजावली बालका ने अपने टैंकर ड्राइवर भूपेंद्र सिंह एवं मधुसूदन कंपनी के धर्म कांटे के ऑपरेटर प्रेम कुमार गौतम के साथ मिलकर करीब 2 .25 करोड़ रुपये की चोरी की थी। खुर्जा देहात पुलिस द्वारा लापरवाही बरतने पर पूरे प्रकरण की शिकायत मुख्यमंत्री से की गई, जिसके बाद एसएसपी ने केस की विवेचना सीओ खुर्जा को सौंप दी थी। सीओ खुर्जा ने बताया कि मामले की जांच करते हुए ज्योति डेयरी के मालिक ओम प्रकाश सिंह उर्फ खचेडू, उसके पुत्र महेन्द्र सिंह एवं टैंकर ड्राइवर भूपेंद्र सिंह को गिरफ्तार कर उनका चालान कर दिया गया है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




