युवक से मारपीट के बाद दो पक्षों में तनाव, कस्बे में पुलिस फोर्स तैनात

Mar 14, 2026 01:46 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, बुलंदशहर
share

Bulandsehar News - बुलंदशहर के जहांगीराबाद में दूध खरीदने गए एक युवक पर एक पक्ष के लोगों ने हमला किया। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद इलाके में तनाव फैल गया। स्थानीय लोगों ने चौकी का घेराव किया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस ने 10 लोगों को हिरासत में लिया है और शांति व्यवस्था स्थापित की है।

युवक से मारपीट के बाद दो पक्षों में तनाव, कस्बे में पुलिस फोर्स तैनात

बुलंदशहर। जहांगीराबाद के मोहल्ला लोध राजपूतान में दूध लेने गए एक युवक के साथ एक पक्ष के लोगों द्वारा मारपीट से तनाव फैल गया। मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद भारी संख्या में एकत्रित हुए लोगों ने कस्बा चौकी का घेराव करते हुए हंगामा। हंगामा करता देख जिले के उच्च अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए और लोगों को शांत किया। हंगामा के बाद नगर में भारी पुलिस फोर्स तैनात की गई है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर 10 लोगों को हिरासत में लिया है। एक पक्ष के द्वारा पुलिस को दी गई तहरीर में बताया गया है कि नगर के मोहल्ला लोध राजपूतान निवासी कुलदीप पुत्र राजेंद्र दूध लेकर लौट रहा था।

जैसे ही वह मोहल्ला बंशीधर स्थित मस्जिद के पास पहुंचा, वहां पहले से मौजूद लोगों ने उसे घेर लिया और ईंट-पत्थर से बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। हालांकि हिन्दुस्तान वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता। वीडियो में एक युवक हाथ में ईंट लेकर वार करता दिखाई दे रहा है, जिससे पीड़ित लहूलुहान हो गया। अन्य लोग भी युवक के साथ मार्केट कर रहे हैं। मारपीट के दौरान युवक कुछ कहते हुए भी सुनाई देता है कि वीडियो बन रही है, लेकिन हमलावर लगातार वार करते रहे। घटना से गुस्साए हिंदू संगठन के लोगों ने पीड़ित के साथ मिलकर जमकर कस्बा चौकी पर हंगामा कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। वहीं मामला दो पक्षों से जुड़ा होने के कारण तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। सूचना मिलते ही एसपी देहात डा. तेजवीर सिंह, सीओ विकास प्रताप सिंह, कोतवाली संजेश कुमार समेत आधा दर्जन थानों की पुलिस और पीएसी मौके पर पहुंच गई। पीड़ित की ओर से उसकी मां ने 12 नामजद व अज्ञात लोगों के विरुद्ध तहरीर देकर कठोर कार्रवाई की मांग की हैं। वहीं इस संबंध में एसपी देहात डॉक्टर तेजवीर सिंह ने बताया कि मामूली कहासुनी को लेकर विवाद हुआ था। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। 10 आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। शांति व्यवस्था कायम है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।