Bulandsehar News: आम के बाग में पेड़ से लटका मिला युवक का शव, हत्या की आशंका
Bulandsehar News: कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव छजीगढ़ी ग्यासपुर में 25 वर्षीय युवक का शव पेड़ से लटका हुआ मिला। पुलिस इसे आत्महत्या मान रही है, जबकि परिजनों का दावा है कि हत्या की गई। मृतक की पहचान पिंटू के रूप में हुई। परिजनों ने निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Bulandsehar News: कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव छजीगढ़ी ग्यासपुर स्थित आम के बाग में मंगलवार सुबह 25 वर्षीय युवक का शव पेड़ से लटका मिलने पर सनसनी फैल गई। चर्चा है कि युवक की हत्या कर शव को पेड़ से लटकाया गया है, जबकि पुलिस प्रथम दृष्टया इसे खुदकुशी का मामला मान रही है। देर शाम तक पीड़ित पक्ष की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई थी। मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह ग्रामीण जब बाग की ओर गए तो उन्होंने पेड़ से युवक का शव लटकता देखा। कुछ ही देर में मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही कोतवाली देहात पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारकर जांच-पड़ताल शुरू की।
बाद में मृतक की शिनाख्त ग्यासपुर निवासी पिंटू के रूप में हुई। मृतक के परिजन भी रोते-बिलखते हुए मौके पर पहुंच गए। मृतक के परिजनों का कहना है कि पिंटू की रंजिशन हत्या कर घटना को खुदकुशी का रूप देने के लिए शव को पेड़ से लटकाया गया है। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। दूसरी ओर, कोतवाली देहात प्रभारी का कहना है कि प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर पीड़ित परिजनों को सौंप दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की वजह का पता चल सकेगा, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि परिजनों की ओर से अभी कोई तहरीर नहीं मिली है।


