दिन में तीखी धूप, शाम को धूलभरी आंधी संग फुहारों से मौसम हुआ सुहावना

Newswrap हिन्दुस्तान, बुलंदशहर
share

Bulandsehar News - दिन में तीखी धूप, शाम को धूलभरी आंधी संग बारिश से मौसम हुआ सुहावना

दिन में तीखी धूप, शाम को धूलभरी आंधी संग फुहारों से मौसम हुआ सुहावना

जेठ की तपिश और भीषण उमस के बीच शनिवार को मौसम ने अचानक करवट बदल ली। दोपहर तक जहां आसमान से बरसती आग और तीखी धूप ने लोगों को पसीने-पसीने कर दिया, वहीं शाम होते ही आए तेज अंधड़ और झमाझम बारिश से मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया। धूलभरी आंधी के बाद हुई हल्की बारिश से झुलसाने वाली गर्मी से बड़ी राहत मिली और अचानक ठंडक घुल गई। शनिवार की सुबह अन्य दिनों की तरह बेहद गर्म रही। दोपहर होते-होते सूरज के तेवर इतने तल्ख हो गए कि लोग उमस से बेहाल नजर आए। सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा और लोग पसीने से तर-बतर होते रहे। हालांकि इस दौरान अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री पर पहुंच गया, मगर गर्मी का असर बरकरार रहा। शाम करीब पांच बजे अचानक आसमान में काले-घेने बादल उमड़ने लगे और देखते ही देखते पूरा इलाका धूल के गुबार में तब्दील हो गया। इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलीं, जिससे कई जगह पेड़ों की टहनियां टूट गईं। इसी बीच मौसम विभाग की ओर से लोगों के मोबाइल फोन पर तात्कालिक (नाउकास्ट) अलर्ट भी भेजे गए। अलर्ट मिलते ही लोग सुरक्षित स्थानों की ओर दौड़ने लगे। मोबाइल संदेशों में तेज आंधी, वज्रपात (चमक-गरज) और तेज बारिश की चेतावनी जारी की गई थी, जिससे प्रशासन भी तैनात नजर आया。

पारे में गिरावट, 36 डिग्री पर ठहरा अधिकतम तापमान

तेज हवाओं और बूंदाबांदी के चलते पिछले कई दिनों से रिकॉर्ड तोड़ रहे पारे में भारी गिरावट दर्ज की गई। शनिवार को जिले का अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। दिनभर की भीषण उमस के बाद शाम को हुए इस बदलाव से लोगों ने राहत की सांस ली और पार्कों व बाजारों में रौनक दोबारा लौट आई।

Voice of UP

अभी थमेगा नहीं राहत का सिलसिला

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक वायुमंडल में बने दबाव और पश्चिमी विक्षोभ के असर के चलते अभी बारिश और आंधी की संभावना पूरी तरह से बनी हुई है। आगामी 24 से 48 घंटों के भीतर धूलभरी हवाओं के साथ गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। राहत की बात यह है कि अगले कुछ दिनों तक तापमान इसी डिग्री के आसपास बना रहेगा, जिससे फिलहाल लोगों को भीषण लू और तपती गर्मी का सामना नहीं करना पड़ेगा।

वाहन चालक और राहगीर परेशान

तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश से यातायात प्रभावित हो गया। दोपहिया वाहन चालक और राहगीर परेशान हो गए। जो जहां थे, वह वहीं रूक गए। बारिश बंद होने के बाद अपने गंतव्य स्थान के लिए निकले।

सामान्य प्रश्न

शनिवार को मौसम में अचानक क्या बदलाव आया?
शनिवार को मौसम ने अचानक करवट बदल ली, जहां दिन भर की गर्मी के बाद शाम को तेज अंधड़ और बारिश से राहत मिली।

कृपया अपने अनुभव को रेट करें

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।