प्रवेश को लेकर छात्रों का हंगामा, लगाया जाम
Bulandsehar News - प्रवेश को लेकर छात्रों का हंगामा, लगाया जाम

नगर के शिवकुमार अग्रवाल जनता इंटर कॉलेज में कक्षा 11 के छात्र-छात्राओं ने कॉमर्स और कृषि विषय में प्रवेश न मिलने पर गुरुवार को विरोध प्रदर्शन कर कॉलेज गेट के सामने जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छात्रों को समझाकर जाम खुलवाया। प्रधानाचार्य सीपी अग्रवाल ने आरोपों को निराधार बताया। छात्रों ने प्रधानाचार्य पर मनमानी का आरोप लगाते हुए कहा कि संबंधित विषयों में दाखिला नहीं दिया जा रहा है, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है। उनका कहना था कि पहले भी शिकायत की जा चुकी है, लेकिन उसकी सही से जांच नहीं हुई है। पुलिस ने छात्रों को समझाया कि शुक्रवार को उनकी मुलाकात एडीएम फाइनेंस से कराई जाएगी, उसके बाद ही इस बारे में अधिकारी कोई निर्णय कर सकेंगे।
इसके बाद छात्र शांत हुए और जाम खोला। प्रधानाचार्य सीपी अग्रवाल ने आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि कॉमर्स और कृषि विषय विद्यालय में वित्तविहीन श्रेणी में संचालित होते हैं। छात्रों की शिकायत के बाद फीस लेना बंद कर दिया गया है, जिससे संचालन में दिक्कत आ रही है। उन्होंने कहा कि प्रवेश के इच्छुक छात्रों से नाम दर्ज कराने को कहा गया था, ताकि उनके अभिभावकों से बात कर आगे की स्थिति स्पष्ट की जा सके। लेकिन अभी तक किसी ने नाम नहीं लिखवाया। उन्होंने कुछ बाहरी लोगों पर छात्रों को उकसाने का आरोप भी लगाया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


