जिला प्रदर्शनी में इंडियन आइडल की धूम, सुरमयी शाम में झूमे दर्शक
Bulandsehar News - जिला प्रदर्शनी में इंडियन आइडल की धूम, सुरमयी शाम में झूमे दर्शक
जिला कृषि, औद्योगिक एवं सांस्कृतिक प्रदर्शनी में गुरुवार शाम संगीत के सितारों ने अपनी कला का ऐसा जादू बिखेरा कि दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए। इस दौरान दर्शक थिरकने को मजबूर हो गए। इंडियन आइडल कार्यक्रम का शुभारंभ जिला प्रदर्शनी के उपाध्यक्ष ठाकुर सुनील सिंह, लखन सिंह और जुबैर ने संयुक्त रूप से माँ सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। अतिथियों ने कहा कि इस तरह के आयोजन स्थानीय प्रतिभाओं को मंच देने और जनमानस के मनोरंजन के लिए मील का पत्थर साबित होते हैं। इसके बाद मशहूर गायक जतिन निगम ने मंच संभालते ही समां बांध दिया। उन्होंने मेरी उम्र के नौजवानों और मेरे रश्के कमर जैसे सुपरहिट गानों की झड़ी लगा दी।
हाल क्या है दिलों का ना पूछों सनम' सुनाकर उन्होंने वहां मौजूद युवाओं और बुजुर्गों सभी को झूमने पर मजबूर कर दिया। वहीं दिव्यांशी मौर्य ने अपनी मधुर आवाज में 'तेरी लाख दुआएं पाएँ और कच्ची कली मासूम चेहरा जैसे गीतों की प्रस्तुति दी, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। गायक कुलदीप ने थारे बिन लगे नहीं मोरा जिया रे और मस्त बहारों का मैं आशिक सुनाकर कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। सुरों की इस महफिल का आनंद लेने के लिए भारी संख्या में शहरवासी प्रदर्शनी स्थल पहुंचे। देर रात तक चले इस कार्यक्रम में दर्शकों का उत्साह चरम पर रहा और पूरा माहौल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


