तापमान @ 45 डिग्री, आसमान से बरसी आग, प्रचंड लू से जनजीवन बेहाल

हिन्दुस्तान, बुलंदशहर
Follow us on Google News
share

तापमान @ 45 डिग्री, आसमान से बरसी आग, प्रचंड लू से जनजीवन बेहाल

तापमान @ 45 डिग्री, आसमान से बरसी आग, प्रचंड लू से जनजीवन बेहाल

ज़िले में नौतपा से पहले ही आसमान से आग बरसने लगी है। भीषण गर्मी और जानलेवा लू के थपेड़ों ने आम जन का जीना मुहाल कर दिया है। बुधवार को सूरज के तल्ख तेवर और गर्म हवाओं से लोग दिनभर हलाकान रहे। सुबह की शुरुआत के साथ ही लोग पसीने से तर-बतर होने लगे और दोपहर होते-होते हालात सन्नाटा जैसे हो गए। पारा सामान्य से कई डिग्री ऊपर पहुंच जाने के कारण मई के महीने में ही जून की तपिश का अहसास हो रहा है। मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो फिलहाल राहत मिलने की कोई उम्मीद नहीं है। अधिकतम तापमान 45 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। बुधवार को दोपहर होते ही सूरज के तेवर इतने तीखे हो गए कि शहर के प्रमुख बाजारों अंसारी रोड, चौक बाजार और चौराहों पर सन्नाटा पसर गया। जरूरी काम से निकले राहगीर और दोपहिया वाहन सवार छांव तलाशते दिखे। गर्मी से बचने के लिए गन्ने का रस, लस्सी और शिकंजी की दुकानों पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी। झुलसाने वाली धूप से बचने के लिए लोग सिर पर गमछा, चेहरे पर स्कार्फ और हाथों में छाता थामे नजर आए। सबसे बुरा हाल राहगीरों और बाइक सवारों का रहा, जिन्हें लू के थपेड़ों ने बेहाल किया। लगातार बढ़ रहे पारे के सामने अब घरों और दफ्तरों में लगे कूलर और एसी भी हांफने लगे हैं। गर्म हवाओं के कारण कमरों का तापमान कम नहीं हो रहा है, जिससे लोगों की रातों की नींद और दिन का चैन छिन गया है。

सड़कों पर दिखा सन्नाटा

बुधवार को दोपहर में सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। नगर के अति व्यस्त मार्ग अस्तपाल रोड, कालीनदी रोड सहित कुछ अन्य मार्गों पर दोपहर में इक्का-दुक्का लोग ही नजर आए। बाजार में ग्राहक न होने से दुकानदार भी मायूस नजर आए।

लू-प्रकोप (हीटवेव) से बचाव को जारी की एडवाइजरी

जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से जारी की गई एडवाइजरी में बताया गया है कि लू-प्रकोप (हीटवेव) से बचाव के लिये टोपी, गमछा या छाते का प्रयोग करें। साथ ही शरीर में पानी की कमी न होने दें। स्थानीय मौसम एवं तापमान की जानकारी रखें। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अभिषेक कुमार सिंह ने बताया कि भारत सरकार पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय, भारत मौसम विज्ञान विभाग, राज्य मौसम पूर्वानुमान केन्द्र लखनऊ के मौसम पूर्वानुमान बुलेटिन से प्राप्त सूचना के अनुसार 22 मई तक जनपद में बुलंदशहर में हीट वेव (लू) चलने की सम्भावना है। हीटवेव (लू) असामान्य रूप से उच्चतम तापमान की अवधि है, जब तापमान सामान्य तापमान से अधिक दर्ज किया जाता है। आगामी दिनां में जनपद में परिस्थितियां हीटवेव (लू) के अनुकूल बनी हुई है।

हीटवेव/लूप्रकोप से बचाव हेतु यह करें

कड़ी धूप में विशेष रूप से दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच बाहर जाने से बचें। हल्के रंग के ढीले-ढाले और सूती कपड़े पहनें। धूप में निकलते समय अपना सिर ढक कर रखें, कपडे़, टोपी या छाता का उपयोग करें। पर्याप्त और नियमित अन्तराल पर पानी पीते रहें। सफर में अपनें साथ पीने का पानी हमेशा रखें। खुद को हाइड्रेट रखने के लिए ओआरएस घोल नारियल का पानी, लस्सी, चावल का पानी, नीबू का पानी, छांछ, आम का पन्ना इत्यादि घरेलू पेय पदार्थो को इस्तेमल करें। कमजोरी, चक्कर आने या बीमार महसूस होने पर तुरन्त डॉक्टर से सम्पर्क करें। अपने घर को ठंडा रखे, पर्दे, शटर आदि का इस्तेमाल करें तथा रात में खिडकियां खुली रखें।

हीटवेव/लूप्रकोप से बचाव हेतु यह न करेंः-

बच्चों एवं पालतू जानवरों को बिना निगरानी के पार्क की गयी कार में अकेला न छोड़ें, वाहन जल्दी गर्म होकर खतरनाक तापमान पैदा कर सकते हैं, जो बच्चों के लिये घातक हो सकती है। भीषण गर्मी में दोपहर के समय अधिक श्रम वाली गतिविधियों को न करें। उच्च प्रोटीन वाले भोजन से बचें और बासी भोजन न करें। शराब, चाय, कॉफी और कार्बोनेटेड शीतल पेय पदार्थों का सेवन करने से बचें, क्योकि ये शरीर को निर्जलित करतें हैं।दोपहर में जब दिन का तापमान अधिक हो उस दौरान खाना पकाने से बचें तथा रसोई घर को हवादार बनाये रखने के लिये खिडकी व दरवाजे खुला रखें।

-----------

सामान्य प्रश्न

क्या जिले में तापमान सामान्य से अधिक है?
हाँ, जिले में अधिकतम तापमान 45 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।