Hindi NewsUttar-pradesh NewsBulandsehar NewsFour Armed Robbers Posing as CBI Officers Loot 5 Lakhs from Businessman s Home in Anupshahr
सीबीआई अधिकारी बनकर बदमाशों ने व्यापारी के घर बोला धावा, बंधक बनाकर लाखों की लूट

सीबीआई अधिकारी बनकर बदमाशों ने व्यापारी के घर बोला धावा, बंधक बनाकर लाखों की लूट

संक्षेप:

Bulandsehar News - अनूपशहर के मोहल्ला पोखर में चार बदमाशों ने खुद को सीबीआई अधिकारी बताकर व्यापारी के घर में घुसकर लाखों की लूट की। बदमाशों ने परिवार को बंधक बनाकर पांच लाख रुपये की नगदी और सोने-चांदी के जेवर लूटे। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सात टीमें बनाई हैं।

Dec 19, 2025 07:36 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, बुलंदशहर
share Share
Follow Us on

अनूपशहर(बुलंदशहर), संवाददाता। अनूपशहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला पोखर में शुक्रवार सुबह चार बदमाशों ने खुद को सीबीआई अधिकारी बताते हुए व्यापारी के घर में घुसकर लाखों की लूट को अंजाम दिया। बदमाशों ने व्यापारी के बेटे को गोली मारने की धमकी देते हुए परिजनों को बंधक बना लिया और करीब पांच लाख की नगदी, सोने-चांदी के जेवरात आदि सामान लूटकर फरार हो गए। डीआईजी कलानिधि नेथानी, एसएसपी दिनेश कुमार सिंह, एसपी देहात समेत अन्य अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पीड़ित परिवार से घटना की जानकारी ली। घटना के खुलासे के लिए पुलिस की सात टीमों को लगाया गया है।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

पीड़ित ने चार अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। अनूपशहर के मोहल्ला पोखर में फर्नीचर व्यापारी शंकर भगवान पुत्र श्यामलाल अपने परिवार के साथ रहते हैं। शुक्रवार सुबह करीब 8.30 बजे व्यापारी का 25 वर्षीय बेटा अभिषेक दुकान खोलने के लिए घर से गया था। घर में उसके पिता शंकर भगवान, मां साधना, पत्नी कनिता एवं दो छोटे बच्चे थे। बताया जाता है कि करीब 8.45 बजे दो बदमाशों ने उनके घर का दरवाजा खटखटाया और खुद को सीबीआई से बताते हुए नोटिस तामील कराने की बात कही। दो आरोपियों से व्यापारी शंकर भगवान बातचीत करने लगे, तभी दो अन्य घर के अंदर घुस आए। इन बदमाशों ने तमंचे से परिजनों को आतंकित करते हुए उन्हें बंधक बना लिया। एक बदमाश ने कहा कि व्यापारी का बेटा अभिषेक उनके कब्जे में है। अगर कोई चालाकी दिखाई तो अभिषेक को गोली मार दी जाएगी। मासूम को गोद में उठाकर दी धमकी एक बदमाश ने घर के अंदर व्यापारी अभिषेक के मासूम पुत्र को भी उठा लिया। इसके बाद दहशतजदा परिजनों को धमकाते हुए घर के कमरों में ले जाकर अलमारी खुलवाकर लाखों की नगदी, सोने-चांदी के जेवरात आदि सामान को लूट लिया। आधा घंटे तक की लूटपाट करीब आधा घंटे बाद घर में काम करने वाली महिला ललतेश ने दरवाजा खटखटाया। दरवाजा न खुलने पर उसने बराबर में रहने वाले शंकर भगवान के भाई राजकुमार को सूचना दी। राजकुमार के घर के अंदर से शंकर लाल के घर की तरफ लगे दरवाजे को खटखटाया, जिसके बाद बदमाश वहां से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने पर सीओ विकास प्रताप सिंह, कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र कुमार शर्मा ने मौके पर पहुंचकर पीड़ित परिवार से जानकारी ली। कोतवाल धर्मेन्द्र कुमार शर्मा ने बताया कि पीड़ित शंकर भगवान ने चार अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। --- चार बदमाशों ने खुद को सीबीआई से बताकर घर में घुसकर पांच लाख रुपये की नगदी और जेवरात लूट की घटना को अंजाम दिया है। सीसीटीवी फुटेज में दो बाइकों पर चार बदमाश नजर आ रहे हैं। स्वाट सहित पुलिस की सात टीमें जांच में जुटी हुई है। जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा कर दिया जाएगा। -दिनेश कुमार सिंह, एसएसपी