बेकरी के ताले तोड़कर कीमती सामान और नगदी चोरी
Bulandsehar News - बुलंदशहर के कोतवाली देहात क्षेत्र में हात्माबाद अड्डे पर चोरों ने एक बंद बेकरी के ताले तोड़कर 1.5 लाख रुपये का सामान और नकदी चुरा ली। बेकरी की संचालिका ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और जल्द ही चोरों का पता लगाने का आश्वासन दिया है।

बुलंदशहर। कोतवाली देहात क्षेत्र में हात्माबाद अड्डे के निकट बेखौफ चोरों ने एक बंद बेकरी के ताले तोड़कर वहां रखे कीमती सामान और गल्ले में रखी नकदी चुरा ली। चोरी गए माल की कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये बताई जा रही है। देहात पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कोतवाली देहात में क्षेत्र के गांव नीमखेडा निवासी मंजू चौधरी ने तहरीर देकर बताया कि उनकी हात्माबाद अड्डे पर चौधरी केक बेकरी के नाम से दुकान है। यहां बड़े पैमाने पर केक तैयार कर अन्य स्थानों पर सप्लाई किए जाते हैं। गत 16 जनवरी की रात को काम खत्म करने के बाद कर्मचारी और मालिक बेकरी बंद कर अपने घर चले गए थे।
17 जनवरी को जब संचालिका बेकरी खोलने पहुंचीं तो बेकरी के ताले टूटे हुए मिले। बेकरी के अंदर का सारा कीमती सामान गायब था। चोरों ने मशीनरी और कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया था। इसके साथ ही गल्ले में रखी हजारों रुपये की नकदी भी चुराकर ले गए थे। घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई। देहात पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। कोतवाली देहात प्रभारी का कहना है कि बेकरी में करीब 1.50 लाख रुपये का सामान और नकदी चोरी होने की सूचना मिली है। मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




