बुलंदशहर। हमारे संवाददाता
मौसम का बदलता मिजाज लोगों के लिए मुसीबत बन रहा है। दिन में तेज धूप से लोगों को राहत मिल रही है, लेकिन सुबह-शाम ठंड और गलन से मुसीबत बढ़ रही है। सोमवार को दोपहर को तेज धूप और शाम को सर्द हवाओं ने लोगों को परेशान कर दिया। न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचा। अब मौसम वैज्ञानिकों ने कोहरा छाने की पूर्वानुमान दिया है।
बीते तीन दिनों से मौसम में काफी बदलाव देखने को मिल रहा है। दोपहर में धूप खिलने पर लोगों के चेहरे खिल रहे हैं। वहीं सुबह-शाम ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ रही है। गुरुवार को सुबह के समय हल्का कोहरा छाया रहा। करीब 10 बजे कोहरा साफ होने पर सूर्यदेव के दर्शन हुए। दोपहर के समय तेज धूप ने लोगों को ठंड से राहत दिलाई। गुनगुनी धूप का आनंद लेने के लिए लोग घरों के बाहर और छतों पर बैठे रहे। हालांकि सर्द हवाएं चलती रहीं, लेकिन तेज धूप से राहत रही। वहीं शाम ढलने के साथ ही गलन और ठंड का असर बढ़ गया। मौसम वैज्ञानिक डॉ. रामनंद पटेल ने बताया कि आने वाले दो दिनों न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचेगा। इसके बाद गिरावट होगी। इसके साथ ही सर्द हवाओं और कोहरा छाए रहने की संभावना रहेगी।