Bulandsehar News: बुलंदशहर : हवाओं के साथ बूंदाबांदी से मौसम सुहाना, तेज बारिश की संभावना
Bulandsehar News: बुलंदशहर में गर्मी से राहत मिली है। पिछले कुछ दिनों की उमस भरी गर्मी के बाद रविवार को ठंडी हवाओं और हल्की बारिश ने मौसम को सुहाना बना दिया। तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, न्यूनतम 26 डिग्री और अधिकतम 32 डिग्री सेल्सियस हो गया है। अगले 24 से 48 घंटों में तेज बारिश होने की संभावना है।

Bulandsehar News: बुलंदशहर। जनपद में पिछले कई दिनों से जारी तीखी धूप और उमसभरी गर्मी के बीच रविवार को मौसम ने करवट बदली। सुबह ठंडी हवाओं के साथ शुरू हुई रिमझिम बूंदाबांदी ने मौसम को सुहाना बना दिया। पिछले कई दिनों से चिपचिपी गर्मी से परेशान जिलावासियों के चेहरे खिल उठे और उन्हें भीषण तपिश से बड़ी राहत मिली है। बूंदाबांदी और मानसूनी हवाओं के चलने से जनपद के तापमान में खासी गिरावट दर्ज की गई है। न्यूनतम तापमान 26 डिग्री और अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। पारा लुढ़कने के कारण हवा में मौजूद झुलसाने वाली तपिश पूरी तरह कम हो गई और लोगों को खुशनुमा माहौल का अहसास हुआ।
छुट्टी का दिन होने के कारण मौसम सुहाना होते ही बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर भी चहल-पहल देखी गई।मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक वायुमंडल में बने चक्रवाती तंत्र के कारण आगामी दिनों में मानसून की सक्रियता और अधिक बढ़ेगी। जनपद और आसपास के ग्रामीण इलाकों में अगले 24 से 48 घंटों के भीतर गरज-चमक के साथ तेज बारिश हो सकती है।


