Bulandsehar News: गंगा ने बदली अपनी चाल, खादर में कटान से मची तबाही

हिन्दुस्तान, बुलंदशहर
Follow us on Google News
share

Bulandsehar News: गंगा अब खादर क्षेत्र में अपनी धारा के रास्ते में आने वाली जमीन को तेजी से निगल रही है। हालात बदलने से किसानों की फसल और जमीन कटने का खतरा बढ़ गया है। गंगा की तेज धारा आरसीसी सड़क और मंदिर क्षेत्र के करीब पहुंच गई है, जिससे ग्रामीणों की चिंता और बढ़ गई है।

Bulandsehar News: गंगा ने बदली अपनी चाल, खादर में कटान से मची तबाही

Bulandsehar News: गंगा अब सिर्फ खादर क्षेत्र में बाढ़ का पानी नहीं फैला रही, बल्कि अपनी धारा के रास्ते में आने वाली जमीन को भी तेजी से निगलती जा रही है। पिछले दो दिनों में गंगा के बहाव में आई तेजी ने अहार क्षेत्र में हालात बदल दिए हैं।किनारों पर खेतों में खड़ी फसलें पानी में डूबने के साथ-साथ कटकर गंगा की धारा में समा रही हैं।मंगलवार को तेज बहाव के साथ गंगा की उठती आवाज खादर में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ा रही है। एक सप्ताह पहले तक जिस गंगा का जलस्तर धीरे-धीरे कम होता दिखाई दे रहा था, उसी गंगा ने अब अचानक रौद्र रूप धारण कर लिया है। खादर में जगह-जगह पानी फैलने के साथ नदी का दायरा बढ़ रहा है। किनारों पर खड़ी फसल और जमीन लगातार कट रही है। किसान अपनी आंखों के सामने मेहनत से तैयार की गई फसल को गंगा में समाते देखने को मजबूर हैं।मढ़िया फतेहपुर से लेकर रिजर्व वन क्षेत्र तक गंगा का कटान लगातार जारी है। मढ़िया फतेहपुर में कई स्थानों पर गन्ने की फसल जमीन सहित गंगा की धारा में जा रही है। खेत का किनारा टूटते ही कुछ ही देर में कई फीट जमीन पानी में समा रही है। इससे किसानों को फसल के साथ अपनी जमीन खोने का भी डर सताने लगा है.

500 मीटर तक चौड़ा हुआ कटान का दायरा

सिद्ध बाबा गंगा घाट की तस्वीर पहले ही गंगा के कटाव की भयावहता दिखा चुकी है। अब गंगा की तेज धारा घाट क्षेत्र से आगे आरसीसी सड़क और खेतों की ओर बढ़ रही है। घाट वाले स्थान पर कटान का दायरा करीब 500 मीटर तक पहुंच गया है। पिछले 24 घंटे में आरसीसी सड़क का करीब 30 फीट हिस्सा भी गंगा की धारा में समा गया.

कटान की रफ्तार का अंदाजा

कटान की रफ्तार का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि जहां कुछ समय पहले लोगों की आवाजाही और धार्मिक गतिविधियां होती थीं, वहां अब गंगा की तेज धाराएं बह रही हैं.

सैकड़ों वर्ष पुराने पेड़ों की जड़ें उखड़ीं

गंगा का पानी अब रिजर्व वन क्षेत्र में भी फैल गया है। तेज धारा वन क्षेत्र की जमीन को काटते हुए आगे बढ़ रही है। कई पुराने और विशाल पेड़ जड़ों से उखड़कर गंगा में समा चुके हैं। पेड़ों के धराशायी होने से वन क्षेत्र में भी कटान का खतरा साफ दिखाई दे रहा है.

ग्रामीणों की चिंता

ग्रामीणों का कहना है कि गंगा की धारा जिस तेजी से जमीन को काट रही है, उससे आने वाले दिनों में इस क्षेत्र का नक्शा ही बदल सकता है.

मंदिर के पीछे टकरा रही गंगा की धार

गंगा की तेज धारा अवंतिका देवी मंदिर के पीछे तक पहुंचकर टकरा रही है। इससे मंदिर की सुरक्षा को लेकर भी ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। लगातार कटान के कारण गंगा की धारा मंदिर के पीछे के हिस्से के करीब पहुंच रही है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि बहाव और तेज हुआ तो मंदिर क्षेत्र में कटान का खतरा और बढ़ सकता है.

ऐसी बाढ़ सितंबर में पहले कभी नहीं देखी

ग्रामीण राजेंद्र सिंह और दौलत सिंह बताते हैं कि बुजुर्गों के अनुसार जन्माष्टमी के बाद गंगा सामान्य रूप से अपनी धारा में लौटने लगती थी। सितंबर के अंत तक इस तरह गंगा का उफान पर रहना उन्होंने पहले नहीं देखा। इस बार गंगा ने बुलंदशहर की ओर गहरी धारा बना ली है। इससे खादर क्षेत्र के हजारों किसानों के सामने अपनी फसल और जमीन बचाने की चुनौती खड़ी हो गई है.

प्रश्नोत्तर

✦गंगा का कटाव किन क्षेत्रों में हो रहा है?−
गंगा का कटाव मढ़िया फतेहपुर से लेकर रिजर्व वन क्षेत्र तक हो रहा है।
Hindustan | Bureau

लेखक के बारे में

Hindustan | Bureau

हिन्दुस्तान भारत का एक प्रतिष्ठित हिंदी समाचार-पत्र है, जिसकी स्थापना 1936 में महामना पंडित मदन मोहन मालवीय ने की थी। स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत को समेटे यह प्रकाशन आज भारत के सर्वाधिक पढ़े जाने वाले हिंदी समाचार-पत्रों में दूसरे स्थान पर है। WAN-IFRA के अनुसार, 2016 में 'हिन्दुस्तान' विश्व के शीर्ष 13 सर्वाधिक प्रसारित अखबारों में शामिल था। हर रोज 5 राज्‍यों सह‍ित देश की राजधानी द‍िल्‍ली और एनसीआर (नोएडा, गाज‍ियाबाद, गुरुग्राम) में 23 संस्‍करण प्रकाश‍ित होते हैं। ‘पाठक सर्वोपर‍ि’ हिन्दुस्तान की संपादकीय नीति है। समय पर, शोध और गहन खोजबीन के बाद व‍िस्‍तार से न्‍यूज र‍िपोर्ट प्रकाश‍ित की जाती है। हर खबर में सभी पक्षों और दृष्टिकोणों को संतुलित रूप से पेश किया जाता है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi NewsUP NewsबुलंदशहरBulandsehar News: गंगा ने बदली अपनी चाल, खादर में कटान से मची तबाही