
अपराधियों पर पुलिस का हंटर, एक महीने में 17 इनामी बदमाश गिरफ्तार
Bulandsehar News - - अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे पुलिस के विशेष अभियान ने जनवरी माह में बड़ी सफलता- अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे पुलिस के विशेष अभियान ने जनवरी
जिले में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान में पुलिस ने जनवरी माह में बड़ी सफलता हासिल की है। एक माह के भीतर 17 इनामी बदमाशों को दबोचकर सलाखों के पीछे भेजा गया है। गिरफ्तार किए गए बदमाशों में हत्या, लूट, डकैती और गैंगस्टर एक्ट जैसे गंभीर मामलों के वांछित आरोपी शामिल हैं। सोमवार को एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि अपराध नियंत्रण के लिए सभी थाना-कोतवाली प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में इनामी बदमाशों की धरपकड़ के लिए अभियान चलाने के निर्देश दिए गए थे। यह अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत जनवरी माह के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और सूचना तंत्र की मदद से अलग-अलग थाना क्षेत्रों में 25-25 हजार के छह इनामी और 10-10 हजार रुपए के 11 इनामियों को गिरफ्तार किया गया है।
एसएसपी ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों में न केवल स्थानीय बदमाश बल्कि दिल्ली, बिहार, नोएडा और अलीगढ़ में रहने वाले आरोपी भी शामिल हैं, जिनके द्वारा जिला क्षेत्र में आपराधिक वारदातों को अंजाम दिया गया था। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने दिल्ली और बिहार के दो शातिर ठग बहाब आलम और ईशुफ खान को गिरफ्तार किया है। इन दोनों आरोपियों पर 25-25 हजार का इनाम था। इसके अलावा खुर्जा, अनूपशहर, पहासू और जहांगीराबाद पुलिस ने भी गैंगस्टर एक्ट में फरार चल रहे कई नामी बदमाशों को दबोचा है। 25-25 हजार के इनामियों में आरोपी इमरान, अंकित, हनी वर्मा, अनुज वर्मा, बहाब आलम और ईशुफ खान शामिल हैं, जबकि 10-10 हजार के इनामियों में आरोपी असलम, वसीम, सचिन शर्मा, कासिम, कलुआ, कलाम, रोहित, उमर मोहम्मद, जुबैर, पवन कुमार राघव और आरिफ शामिल हैं। एसएसपी ने बताया कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपराधियों के खिलाफ यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




