पुलिस मुठभेड़ में मंदिर चोरी में वांछित बदमाश घायल, गिरफ्तार
Bulandsehar News - जहांगीराबाद में पुलिस और स्वाट टीम की वांछित बदमाश हिमांशु उर्फ पुष्पेन्द्र से मुठभेड़ हुई। बदमाश के पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। वह मंदिरों में चोरी के मामलों में वांछित था। पुलिस ने उसके पास से अवैध तमंचा, कारतूस और चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की।

जहांगीराबाद में मंगलवार की देर रात पुलिस और स्वाट टीम की वांछित बदमाश हिमांशु उर्फ पुष्पेन्द्र से मुठभेड़ हो गई। जवाबी फायरिंग में बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मंदिरों में चोरी की घटनाओं में वांछित चल रहा था। एसपी ग्रामीण अंतरिक्ष जैन ने बताया कि सोमवार रात करीब तीन बजे जहांगीराबाद पुलिस और स्वाट टीम गांव जसैर बम्बे की पुलिया के पास संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल सवार युवक को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन वह पुलिस को देखकर भागने लगा।
पीछा करने पर उसकी बाइक कच्चे रास्ते पर फिसल गई। खुद को घिरा देख बदमाश ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में हिमांशु उर्फ पुष्पेन्द्र पुत्र प्रह्लाद निवासी सियाली नगर, थाना अहार के पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा, कारतूस, 400 ग्राम सफेद धातु और चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है। एसपी ग्रामीण ने बताया कि हिमांशु उर्फ पुष्पेन्द्र शातिर चोर है। उसने अपने साथियों के साथ मिलकर 25 मार्च को चामुंडा माता मंदिर, अमरगढ़ तथा 23 अप्रैल को सिद्धबाबा मंदिर, चांदौक में चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था। दोनों मामलों में जहांगीराबाद थाने में मुकदमे दर्ज थे और पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। इससे पहले पुलिस 18 मई को आरोपी के दो साथियों अंकित पुत्र सतपाल और रशीक पुत्र कमल को गिरफ्तार कर चुकी है। दोनों आरोपियों के खिलाफ भी आठ-आठ मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। गिरफ्तार किए गए हिमांशु पर भी जनपद के विभिन्न थानों में दो दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


