बेसिक स्कूलों में निपुण आंकलन शुरू, एप से देखी जाएगी गुणवत्ता
Bulandsehar News - जिले के प्राथमिक और कंपोजिट प्राथमिक विद्यालयों में बच्चों के शैक्षिक स्तर का मूल्यांकन करने के लिए निपुण आकलन प्रक्रिया मंगलवार से शुरू हो गई है। यह अभियान 13 फरवरी तक चलेगा और कक्षा एक व दो के छात्रों की भाषा और गणित में पकड़ का मूल्यांकन करेगा। कुल 57 टीमें इस प्रक्रिया को संचालित करने में लगी हैं।
जिले के प्राथमिक एवं कंपोजिट प्राथमिक विद्यालयों में मंगलवार से बच्चों के शैक्षिक स्तर को परखने के लिए निपुण आकलन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। डायट प्राचार्य के निर्देशन में शुरू हुआ यह अभियान 13 फरवरी तक चलेगा, जिसके माध्यम से कक्षा एक व दो के छात्रों की भाषा और गणित में पकड़ का मूल्यांकन होगा। नोडल अधिकारी ने स्कूलों में पहुंचकर निपुण आंकलन के कार्य का निरीक्षण किया और डायट प्रशिक्षुओं एवं शिक्षकों को निर्देश दिए। बेसिक शिक्षा विभाग के प्राथमिक स्कूलों में शैक्षणिक गुणवत्ता को परखने के लिए शासन से आदेश जारी कर दिए थे। एसआईआर कार्य के चलते बीच में यह अभियान स्थगित हो गया था और अब 27 जनवरी से स्कूलों में इसे शुरू करा दिया गया है।
डायट प्राचार्य पीके उपाध्याय ने बताया कि इस महत्वपूर्ण आकलन की जिम्मेदारी डायट के डीएलएड प्रशिक्षुओं को सौंपी गई है। प्रशिक्षु निपुण लक्ष्य ऐप के जरिए स्कूलों में जाकर डिजिटल माध्यम से डेटा फीड कर रहे हैं। इस प्रक्रिया का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि प्राथमिक स्तर पर बच्चे अपनी कक्षा के अनुरूप न्यूनतम अधिगम लक्ष्य प्राप्त कर पा रहे हैं या नहीं। आकलन के प्रभारी अधिकारी डा. ललित यादव ने बताया कि इस पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के लिए जिले स्तर पर कुल 57 टीमें गठित की गई हैं। प्रत्येक टीम में दो प्रशिक्षु शामिल हैं यानी कुल 114 प्रशिक्षु इस कार्य में लगाए गए हैं। नियममानुसार प्रत्येक विद्यालय से कक्षा एक और दो के 12-12 बच्चों का आकलन किया जा रहा है। पहले दिन गुलावठी ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय बराल, कंपोजिट विद्यालय आसिफाबाद चंदपुरा और कंपोजिट विद्यालय भमरा का निरीक्षण कर निर्देश दिए कि इसमें लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दास्त नहीं होगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




