नीता लोधी ने सोल्जरथॉन प्रतियोगिता में जीता गोल्ड मेडल
Bulandsehar News - नीता लोधी ने सोल्जरथॉन प्रतियोगिता में जीता गोल्ड मेडल

ग्राम शेखपुर गढ़वा निवासी नीता लोधी पुत्री राजेंद्र सिंह ने पंजाब नेशनल बैंक के स्थापना दिवस पर आयोजित "पीएनबी सोल्जरथॉन दिल्ली 2026 -सैनिकों के साथ दौड़ें, सैनिकों के लिए दौड़ें" प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल हासिल किया है। पुरस्कार के तौर पर उन्हें उन्हें दो लाख रुपये की इनामी धनराशि भी प्रदान की गई। नीता लोधी ने हाफ मैराथन (21 किलोमीटर) की दौड़ को मात्र 1 घंटा 15 मिनट में पूरा कर यह खिताब अपने नाम किया। यह प्रतियोगिता 5 अप्रैल 2026 को दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित हुई, जो साहस, एकता और राष्ट्रीय भावना का प्रतीक बनी।
कार्यक्रम ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के नायकों को श्रद्धांजलि देने के उद्देश्य से भी आयोजित किया गया। इससे पूर्व भी नीता लोधी ने 22 मार्च 2026 को पंजाब के फिरोजपुर में आयोजित बॉर्डर मैराथन 2026 में प्रथम स्थान प्राप्त कर 60 हजार रुपये की इनामी राशि जीती थी। लगातार मिल रही सफलताओं से क्षेत्र में खुशी की लहर है। नीता अपनी सफलता का श्रेय अपने कोच रमेश सिंधु को देती हैं, जिनके मार्गदर्शन में वह नियमित अभ्यास करती हैं। साथ ही उन्होंने अपने भाई योगेंद्र लोधी, जो अंतरराष्ट्रीय एथलीट और रेलवे कर्मचारी हैं, को भी अपनी प्रेरणा बताया। नीता लोधी की इस उपलब्धि से न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे जिले का नाम रोशन हुआ है। स्थानीय लोगों और खेल प्रेमियों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।---------
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


