Bulandsehar News: बुलंदशहर: हत्यारोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर परिजनों का हंगामा
Bulandsehar News: बुलंदशहर के गांव भटवारा में 18 वर्षीय वेल्डर जान मोहम्मद की हत्या के मामले में परिजनों और ग्रामीणों ने आक्रोश जताया। शव के गांव पहुंचने पर हंगामा हुआ, परिजन आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे थे। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि सभी पहलुओं की जांच की जाएगी।
Bulandsehar News: बुलंदशहर। खुर्जा देहात थाना क्षेत्र के गांव भटवारा निवासी 18 वर्षीय वेल्डर की हत्या के मामले में सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद गांव पहुंचे शव को लेकर परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला। परिजनों ने हत्यारोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए शव को सुपुर्द-ए-खाक करने से इनकार कर दिया। इस दौरान मौके पर काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही। गांव भटवारा निवासी 19 वर्षीय जान मोहम्मद शनिवार दोपहर से लापता था। परिजनों द्वारा उसकी तलाश की जा रही थी। रविवार शाम उसका शव गांव के जंगलों में हाथ-पैर बंधी अवस्था में मिला।
उसकी गला रेतकर हत्या की गई थी, जिससे पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद जब शव गांव पहुंचा, तो परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने हत्यारोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और उनका एनकाउंटर करने की मांग करते हुए सुपुर्द-ए-खाक करने से साफ इनकार कर दिया। मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए और काफी देर तक हंगामा चलता रहा। सीओ खुर्जा सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों से बातचीत कर उन्हें मामले के शीघ्र खुलासे और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया। करीब तीन घंटे तक समझाने और पुलिस के आश्वासन के बाद परिजन शांत हुए। इसके बाद शव को सुपुर्द-ए-खाक किया गया। सीओ खुर्जा शोभित कुमार अत्री ने बताया कि हत्या के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं। मामले का शीघ्र खुलासा कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


