घाटों पर उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, दान-पुण्य के साथ मकर संक्रांति पर्व मनाया
Bulandsehar News - मकर संक्रांति का पर्व गुरुवार को श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। गंगा घाटों पर हजारों श्रद्धालुओं ने स्नान कर सूर्य देव की उपासना की। ठंड के बावजूद भक्तों ने दान और भंडारे आयोजित किए। पर्व के दौरान पूरे दिन भक्तिमय वातावरण रहा और लोगों ने एक-दूसरे के साथ मिलकर खुशियों का आदान-प्रदान किया।
मकर संक्रांति का पर्व गुरुवार को भी पूरी श्रद्धा, अटूट आस्था और उत्साह से मनाया गया। दो दिनों तक चलने वाले इस पावन पर्व के अंतिम दिन जिले के गंगा घाटों पर मिनी कुंभ जैसा नजारा देखने को मिला। कड़ाके की ठंड और शीतलहर पर आस्था भारी पड़ती दिखाई दी। अनूपशहर, नरोरा, अहार, रामघाट, राजघाट और कर्णवास के घाटों पर तड़के से ही हजारों श्रद्धालुओं ने पतित पावनी गंगा में डुबकी लगाई और सूर्य देव की उपासना कर सुख-समृद्धि का आशीर्वाद मांगा। लोगों ने जगह-जगह भंडारे लगाकर प्रसाद का वितरण किया। गंगा घाटों पर पूरे दिन वातावरण भक्तिमय रहा। मकर संक्रांति पर्व जिले में इस बार दो दिन तक मनाया गया है।
बुधवार को भी पर्व के दिन लोगों में उत्साह देखने को मिला और लोगों ने आस्था के साथ एक दूसरे के साथ मिलकर पर्व मनाया। गुरुवार को भी मकर संक्रांति मनाई गई। पर्व के समापन पर गुरुवार को तड़के ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगा तटों पर जुटने लगे थे। हर-हर गंगे और जय श्री राम के उद्घोष से पूरे तट गुंजायमान रहे। स्नान के पश्चात श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और अपनी सामर्थ्य के अनुसार तिल, गुड़, चावल, दाल और गर्म वस्त्रों का दान किया। मान्यता है कि इस दिन किया गया दान अक्षय पुण्य प्रदान करता है, इसी भाव के साथ घाटों से लेकर शहर के मंदिरों तक दान देने वालों का तांता लगा रहा। इसके अलावा नगर के डीएम रोड, अंसारी रोड, अस्पताल रोड, चौक बाजार, काली नदी रोड, साठा, सर्राफा बाजार व दिल्ली रोड सहित अन्य स्थानों पर लोगों ने भंडारे लगाकर एक दूसरे को प्रसाद का वितरण कर धर्म लाभ उठाया। लोगों ने घरों में भी प्रसाद रूप में तिल सकरी, गुड़ की गज्जक व मिठाई का वितरण कराया। आस्था के इस पर्व में लोग पूरी तरह से सरोबार दिखे। मंदिरों में भी सुबह से विशेष अनुष्ठान चलते रहे। बाजारों में लोगों ने शुभ मुर्हूत में खरीदारी कर धर्म लाभ उठाया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




