बुलंदशहर। संवाददाता
मौसम का बदलता मिजाज लोगों के लिए मुसीबत बन रहा है। दिन में तेज धूप से लोगों को राहत मिल रही है, लेकिन सुबह-शाम ठंड और गलन से मुसीबत बढ़ रही है। बुधवार दोपहर को तेज धूप और शाम को सर्द हवाओं ने लोगों को परेशान कर दिया। न्यूनतम तापमान भी तीन डिग्री लुढ़ककर 4 डिग्री पर पहुंच गया है। तापमान में गिरावट से ठंड का प्रकोप बढ़ा है।
बीते तीन दिनों से मौसम में काफी बदलाव देखने को मिल रहा है। दोपहर में धूप खिलने पर लोगों को हल्की राहत मिल रही है। वहीं सुबह-शाम ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ रही है। बुधवार को सुबह से ही जिला कोहरे की चादर से ढका रहा। गलन के चलते हाथ-पैर सुन्न रहे। करीब 10:30 बजे कोहरा छंटने के बाद धूप खिली। दोपहर में तेज धूप खिलने पर लोगों को ठंड से राहत मिली। इसके बाद शाम को फिर गलन और ठंड ने लोगों की कंपकंपी छुड़ा दी। 13 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से चलीं हवाओं से लोग ठिठुरते नजर आए। अलाव, हीटर और ब्लोअर आदि का सहारा लेकर लोगों ने ठंड से बचाव किया। मौसम वैज्ञानिक डॉ. रामानंद पटेल ने बताया कि गुरुवार से तापमान में फिर बढ़ोत्तरी होगा। हालांकि ठंड का असर बरकरार रहेगा, लेकिन मौसम साफ होने के साथ दोपहर में चटख धूप निकलेगी।