
जिलेभर में गूंजा नित्य करें योग, रहें निरोग
Bulandsehar News - 11 वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर जनपदभर में योग कर सभी ने स्वस्थ रहने का संदेश दिया। 2000 से अधिक स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। मुख्य अतिथि डॉ. अरुण कुमार सक्सेना ने स्वस्थ रहने के लिए योग को...
11 वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर जनपदभर में नित्य करें योग, रहें निरोग के जयकारे गूंजे। योग कर महिला-पुरुष, बुजुर्ग, बच्चे हर किसी ने स्वस्थ्य रहने का संदेश दिया। विभिन्न सामाजिक, राजनीतिक, सरकारी एवं गैर सरकारी संगठनों सहित करीब 2 हजार से अधिक स्थानों पर जनपद में योग दिवस मनाया गया। सभी 17 नगर निकाय और 946 ग्राम पंचायत स्तर पर भी योग दिवस पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। शनिवार को नगर के यमुनापुरम स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रदेश के वन, पर्यावरण मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना, नोडल अधिकारी/आयुक्त मेरठ मंडल डॉ. हृषिकेश भास्कर यशोद द्वारा गुब्बारों को आसमान में उड़ाकर किया गया।

विशिष्ट अतिथि सांसद डॉ. भोला सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. अंतुल तेवतिया, विधायक देवेन्द्र लोधी, पालिकाध्यक्ष दीप्ति मित्तल उपस्थित रहीं। सभी अतिथियों द्वारा भगवान धन्वंतरि की प्रतिमा के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में विशाखापटनम में आयोजित योग दिवस के मुख्य कार्यक्रम का सजीव भी प्रसारण दिखाया गया। मुख्य विकास अधिकारी निशा ग्रेवाल एवं क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. वंदना रानी के दिशा निर्देशन में योग प्रशिक्षक संजय कुमार, जितेन्द्र एवं गायत्री द्वारा कार्यक्रम में उपस्थित जनों को योग क्रियाएं कराई गईं। स्वस्थ रहने के लिए योग आवश्यक : डॉ. अरुण सक्सेना प्रभारी मंत्री डॉ. अरुण सक्सेना ने कहा कि स्वस्थ रहने के लिए योग करना आवश्यक है। एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग, थीम के आधार पर इस बार योग दिवस को मनाया जा रहा है। योग की महत्ता को देखते हुए आज पूरे विश्व में योग को बढ़ावा दिया जा रहा है। इस मौके पर ऑनलाइन आयोजित की गई प्रतियोगिताओं के चयनित प्रतिभागियों को मंत्री द्वारा प्रमाण पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम के उपरांत मुख्य अतिथि, नोडल अधिकारी एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा पौधारोपण भी किया गया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


