होली पर्व की धूम, पूजन के बाद जलाई होली
Bulandsehar News - रंगों के उल्लास में डूबा जिला बाजारों में उमड़ा खरीदारी को उमड़ा सैलाब रंगों के उल्लास में डूबा जिला बाजारों में उमड़ा खरीदारी को उमड़ा सैलाब रंगों

जिले में होली के पर्व का उत्साह लोगों के सिर चढ़कर बोल रहा है। सोमवार को जिले भर के बाजारों में रंगों की ऐसी मस्ती छाई कि खरीदारी के लिए खरीदारों का हुजूम उमड़ पड़ा। आलम यह रहा कि नगर के प्रमुख व्यापारिक केंद्रों अंसारी रोड, डीएम रोड, चौक बाजार, रेलवे रोड, दिल्ली रोड और साठा सहित तमाम मुख्य बाजारों में पैर रखने तक की जगह नहीं बची। अबीर-गुलाल की खुशबू और रंग-बिरंगी पिचकारियों से सजी दुकानों ने पूरे शहर को उत्सव के रंग में सरोबार कर दिया है। शाम को होलिका दहन से पूर्व लोगों ने बाजारेां में खूब खरीदारी की और एक दूसरे को रंग भी लगाया।
होली पर्व को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। इस बार होली का पर्व विशेष ज्योतिषीय संयोग और तिथियों के फेरबदल के कारण तीन दिनों तक मनाया जाएगा। सोमवार की शाम को शुभ मुहूर्त में जिले भर के विभिन्न चौराहों और कॉलोनियों में विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ होलिका दहन संपन्न हुआ। बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक स्वरूप जलाई गई होलिका की अग्नि के साथ ही रंगों का उत्सव शुरू हो गया। पंचांग की गणना के अनुसार इस वर्ष मुख्य धुलेंडी यानी रंगों वाली होली चार मार्च को खेली जाएगी। इसके चलते जिलेवासियों को दो दिनों तक जमकर अबीर-गुलाल उड़ाने और फाग का आनंद लेने का अवसर मिलेगा। ------ बाजारों में दिखी भारी रौनक, जमकर हुई खरीदारी सुबह से ही ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के लोग बाजारों की ओर निकल पड़े। अंसारी रोड और चौक बाजार में भीड़ इतनी अधिक थी कि पुलिस को यातायात नियंत्रित करने में भारी मशक्कत करनी पड़ी। महिलाओं ने गुझिया बनाने के सामान, मेवे और नए कपड़ों की जमकर खरीदारी की। बच्चों में डोरेमोन, स्पाइडरमैन और अवेंजर्स जैसी कार्टून कैरेक्टर वाली 'मैजिक पिचकारियों' का जबरदस्त क्रेज देखा गया। दुकानदारों का कहना है कि इस बार बाजार में पिछले वर्षों की तुलना में अधिक उत्साह है और व्यापार में भारी उछाल आया है। ---- हर्बल गुलाल और पारंपरिक मिठाइयों की धूम इस बार लोग त्वचा की सुरक्षा को लेकर भी जागरूक दिखे, जिसके चलते बाजारों में हर्बल और ऑर्गेनिक गुलाल की मांग सबसे अधिक रही। चांदी के वर्क वाली गुझिया और पारंपरिक मिठाइयों की दुकानों पर ग्राहकों की लंबी कतारें देर रात तक लगी रहीं। देहात क्षेत्रों में भी फाग के गीतों और ढोल-नगाड़ों की थाप सुनाई देने लगी है। जगह-जगह होली मिलन समारोहों का आयोजन हो रहा है, जहां लोग एक-दूसरे को तिलक लगाकर पर्व की अग्रिम शुभकामनाएं दे रहे हैं। त्यौहार के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। संवेदनशील इलाकों और मुख्य बाजारों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। अधिकारियों ने अपील की है कि लोग सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्यौहार मनाएं और हुड़दंग से बचें।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



