तापमान कम, फिर भी उमस ने छुड़ाए पसीने

Newswrap हिन्दुस्तान, बुलंदशहर
share

Bulandsehar News - तापमान कम, फिर भी उमस ने छुड़ाए पसीने

तापमान कम, फिर भी उमस ने छुड़ाए पसीने

मौसम के बदलते मिजाज ने जिलेवासियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। पिछले दिनों हुई बारिश के बाद लोगों को उम्मीद थी कि नौतपा और जेठ की इस तपिश से कुछ राहत मिलेगी, लेकिन इसके उलट हवा में घुली नमी ने लोगों को पसीना-पसीना कर दिया। सोमवार को सुबह से ही सूर्यदेव के तल्ख तेवर देखने को मिले, जिसने दोपहर होते-होते लोगों को पूरी तरह बेहाल कर दिया। सोमवार सुबह से गर्मी में हाल-बेहाल रहा। दिन बढ़ने के साथ ही गर्मी का असर तेज होता गया। दोपहर के समय तापमान कम होने के बाद भी आसमान से बरसती आग ने झुलसा दिया। गर्मी से बचाव को लेकर लोग विभिन्न उपाय करते रहे, लेकिन गर्मी में राहत नहीं मिल सकी। हवा थमी होने और उमस (ह्यूमिडिटी) का ग्राफ बढ़ने के कारण लोगों के शरीर से पसीना नहीं रूका। आलम यह था कि घरों में चल रहे पंखे और कूलर भी गर्मी के आगे पूरी तरह बेअसर साबित हुए। दोपहर के समय तेज धूप के चलते बाजार और सड़कों पर आवाजाही बेहद कम नजर आई। लोग मुंह पर कपड़ा बांधकर और छाते के सहारे जरूरी कामों के लिए ही बाहर निकले।

न्यूनतम पारा चढ़ने से रात में भी नहीं मिल रही राहत

मौसम विभाग से मिले आंकड़ों के मुताबिक सोमवार को अधिकतम तापमान महज 33 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य के आसपास है। हालांकि, न्यूनतम तापमान में उछाल आने से यह 26 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। रात का पारा चढ़ने और हवा न चलने के कारण उमस का असर देर रात तक बना रहा, जिससे लोगों की रातों की नींद भी उड़ गई है।

Voice of UP

अब सताएगी तपिश, बढ़ेगी गर्मी

मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो आने वाले दिनों में जिलेवासियों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। आगामी 48 से 72 घंटों में दिन का पारा दो से तीन डिग्री तक ऊपर चढ़ सकता है।

बाजारों में बढ़ी ठंडे पेय पदार्थों की मांग

उमस और तेज धूप के कारण शहर के कालाआम चौराहा, अंसारी रोड और कचहरी रोड पर शिकंजी, गन्ने के रस और बेल के शर्बत के ठेलों पर लोगों की भीड़ देखी गई। लोग गर्मी से फौरी राहत पाने के लिए ठंडे पेय पदार्थों का सहारा लेते नजर आए। डॉक्टरों ने भी इस मौसम में डिहाइड्रेशन से बचने के लिए अधिक से अधिक पानी और तरल पदार्थों के सेवन की सलाह दी है।

सामान्य प्रश्न

गर्मी के कारण लोगों को किस तरह की समस्याएं हो रही हैं?
गर्मी और उमस के कारण लोग पसीना-पसीना हो रहे हैं और उन्हें राहत नहीं मिल रही है।

कृपया अपने अनुभव को रेट करें

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।