ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश बुलंदशहरगोपालक बब्बन मियां डॉक्ट्रेट की मानद उपाधि से सम्मानित

गोपालक बब्बन मियां डॉक्ट्रेट की मानद उपाधि से सम्मानित

गोपालक बब्बन मियां डॉक्ट्रेट की मानद उपाधि से सम्मानित

गोपालक बब्बन मियां डॉक्ट्रेट की मानद उपाधि से सम्मानित
हिन्दुस्तान टीम,बुलंदशहरSun, 11 Oct 2020 06:43 PM
ऐप पर पढ़ें

स्याना। संवाददाता

गौ पालन, संरक्षण व समाज सेवा से देश मे ही नहीं बल्कि विदेशों में भी अपनी पहचान बनाने वाले वरिष्ठ समाजसेवी बब्बन मियां को एक विदेशी यूनिवर्सिटी ने डॉक्ट्रेट की मानद उपाधि से सम्मानित किया है। यूरोपियन कंट्री से सम्मान पाकर बब्बन मियां ने क्षेत्र सहित पूरे देश का नाम रोशन किया है।

बुगरासी क्षेत्र के गांव चंदियाना में स्थित बब्बन मियां की गौशाला ने साम्प्रदायिक सौहार्द की ऐसी मिसाल पेश की कि सामाजिक व राजनैतिक क्षेत्र के साथ-साथ उसकी धमक बॉलीवुड तक पहुंच गई। परिणामस्वरूप प्रशासनिक अधिकारियों, राजनेताओं और बॉलीवुड अभिनेताओं ने गांव चंदियाना आकर न सिर्फ गौशाला का भ्रमण किया बल्कि बब्बन मियां के इस सद्कर्म की मुक्त कंठ से प्रशंसा भी की। अपनी मां हमीदुननिसां से गौपालन की प्रेरणा लेकर स्थापित की गई मधुसूदन गौशाला में अकसर बब्बन मियां गरीबों को निःशुल्क दूध वितरित करते हैं।

आधुनिक सुविधाओं से लैस गौशाला की धमक विदेशों में पहुंची तो बब्बन मियां के उत्कृष्ट कार्य व समाज सेवा से प्रभावित होकर यूरोप के किंगडम ऑफ टैंगो देश की यूनिवर्सिटी ने उनका डॉक्ट्रेट की मानद उपाधि के लिये चयन किया। रविवार को बब्बन मियां ने बताया कि यूरोपियन देश की कॉमनवेल्थ वोकेशनल यूनिवर्सिटी की ओर से उन्हें डॉक्ट्रेट की मानद उपाधि से सम्मानित किया गया। उनकी उपलब्धि से क्षेत्र भर में खुशी की लहर है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें