Hindi NewsUttar-pradesh NewsBulandsehar NewsGangrape Case in Bulandshahr Court Expected to Deliver Verdict Soon
हाईवे गैंगरेप मामले में साक्ष्य पूरे, जल्द आएगा फैसला

हाईवे गैंगरेप मामले में साक्ष्य पूरे, जल्द आएगा फैसला

संक्षेप:

Bulandsehar News - बुलंदशहर में नौ साल पहले हुए गैंगरेप मामले में जल्द ही कोर्ट का फैसला आने की उम्मीद है। 30 जुलाई 2016 को एक परिवार पर हमला हुआ था, जिसमें महिला और उसकी नाबालिग बेटी के साथ गैंगरेप किया गया था। मामले में 20 दिसंबर को सुनवाई होगी, और अभियुक्तों को दोषी करार दिए जाने की संभावना है।

Dec 17, 2025 11:13 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, बुलंदशहर
share Share
Follow Us on

बुलंदशहर। नौ साल पहले नेशनल हाईवे पर हुए गैंगरेप के मामले में कोर्ट से जल्द फैसला आने की उम्मीद है। यह मामला देश-प्रदेश में काफी सुर्खियों में रहा था। मामले में न्यायालय में अभियोजन और विपक्ष के साक्ष्य की कार्रवाई पूरी हो चुकी है। अब मामले में 20 दिसंबर को सुनवाई होगी। न्यायालय द्वारा अभियुक्तों को दोषी करार देते हुए फैसला सुनाए जाने की उम्मीद है। गौरतलब है कि 30 जुलाई 2016 की रात नोएडा का एक परिवार कार में सवार होकर अपने गृह जनपद शाहजहांपुर जाने के लिए निकला था। उन्हें परिवार में हुई एक गमी में शामिल होना था।

देर रात में जब पीड़ित परिवार बुलंदशहर में देहात कोतवाली क्षेत्र में दोस्तपुर फ्लाईओवर के निकट पहुंचा तो बदमाशों ने कार के नीचे एक्सल फेंक दिया। कार में कुछ खराबी आने की सोचकर चालक ने कार रोक दी। इसके बाद बदमाशों ने कार सवार मां-बेटी समेत पांच लोगों को बंधक बना लिया और उन्हें पास के खेत में ले गए। गिरोह के बदमाशों ने महिला, उसकी नाबालिग बेटी के साथ गैंगरेप किया और लूटपाट को अंजाम देकर फरार हो गए थे। इस मामले में एसएसपी समेत 19 पुलिसकर्मियों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई हुई थी। मामले की शुरूआती जांच जिला पुलिस द्वारा की गई। फिर शासन स्तर से जांच सीबीआई को सौंप दी गई। सीबीआई की जांच के दौरान जिला पुलिस की लापरवाही सामने आई थी। इस मामले में जेल भेजे गए छह में से एक अभियुक्त सलीम की कुछ वर्ष पहले वाद विचारण के दौरान बीमारी के चलते मौत हो गई थी। सहायक जिला शासकीय वरुण कौशिक ने बताया कि यह मामला वर्तमान में विशेष सत्र न्यायाधीश पॉक्सो अधिनियम ओमप्रकाश वर्मा तृतीय के न्यायालय में विचाराधीन है। इस प्रकरण में अभियोजन की ओर से कुल 25 गवाह पेश किए गए। अभियोजन साक्ष्य और विपक्षियों के सफाई साक्ष्य भी पूरे हो चुके हैं। जिसके बाद न्यायालय ने इसका फैसला सुरक्षित रख लिया। आगामी 20 दिसंबर को फैसला सुनाए जाने की उम्मीद है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

;;
;