पीएनबी के बैंक मैनेजर का एक और फर्जीवाड़ा आया सामने
Bulandsehar News - बुलंदशहर में साइबर क्राइम पुलिस ने पंजाब नेशनल बैंक के मैनेजर को गिरफ्तार किया है। उसने 40 लाख रुपये के लोन दिलाने के नाम पर एक लाख रुपये लिए और फिर 23.68 लाख रुपये अपने अन्य खातों में ट्रांसफर कर हड़प लिए। पीड़ित ने रिपोर्ट दर्ज कराई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

बुलंदशहर। साइबर क्राइम पुलिस द्वारा पांच दिन पहले गिरफ्तार किए पंजाब नेशनल बैंक के मैनेजर का एक और फर्जीवाड़ा सामने आया है। एक व्यक्ति को पहले 40 लाख रुपये का लोन दिलाने के नाम पर एक लाख रुपये ले लिए और फिर लोन पास होने के बाद पीड़ित के खाते से 23.68 लाख रुपये एफडी के नाम पर अन्य खातों में ट्रांसफर कर हड़प लिए। साइबर क्राइम पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना साइबर क्राइम में नगर के देवीपुरा प्रथम कृष्णानगर क्षेत्र निवासी पीड़ित अजय गुप्ता पुत्र ने रिपोर्ट दर्ज कराई। इसमें बताया है कि वह 12 माह से जीवनगीत कॉलोनी में रह रहे हैं।
उनका बैंक खाता पंजाब नेशनल बैंक की एक शाखा में है। उक्त शाखा में दिसंबर 2024 को उन्होंने एवं उनके पार्टनर अनुज वर्मा ने 40 लाख रुपये के लोन के लिए आवेदन किया था। बैंक में काम करने वाले युवक आकाश एवं बैंक मैनेजर अजय पासवान ने 15 खाली बाउचर पर लोन की सिक्योरिटी के लिए हस्ताक्षर कराए थे। लोन पास कराने के नाम पर एक लाख रुपये भी ले लिए। इसके बाद उनका 40 लाख रुपये का लोन पास हो गया। बीते दिनों उन्हें जानकारी मिली कि बैंक में कुछ खाताधारकों के साथ गड़बड़ी हुई है, जिस पर उनके द्वारा बैंक जाकर स्टेटमेंट निकलवाई गई। तब उन्हें पता चला कि उनके खातों से कुल 23.68 लाख रुपये कट गए हैं। स्टेटमेंट में एफडी ट्रांसफर लिखा हुआ है। बैंक शाखा की तत्कालीन महिला मैनेजर द्वारा बताया गया कि उनके खाते में कोई एफडी नहीं बनी है। एफडी के नाम से जो रुपया कटा है, उसे कई अन्य खातों में भेजा गया है। पीड़ित के अनुसार उसके द्वारा उस वक्त के मैनेजर अजय पासवान से फोन पर संपर्क किया गया तो उनके द्वारा बैंक में जाकर पता करने की बात कही गई। थाना साइबर क्राइम प्रभारी ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी बैंक मैनेजर समेत दोनों आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर चालान किया जा चुका है। जल्द ही पूरे मामले का जांच कर खुलासा कर दिया जाएगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



