बुलंदशहर: सड़क किनारे खड़ी तीन कारों में लगी आग, मची अफरा-तफरी
Bulandsehar News - बुलंदशहर के खुर्जा देहात थाना क्षेत्र में एक होटल के बाहर रविवार रात तीन कारों में आग लग गई। यह आग आतिशबाजी के दौरान निकली चिंगारी से लगी थी। दमकल कर्मियों ने कड़ी मेहनत से आग पर काबू पाया। घटना के कारण वहां अफरा-तफरी मच गई और क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गई।

बुलंदशहर। खुर्जा देहात थाना क्षेत्र के शिकारपुर रोड स्थित एक होटल के बाहर रविवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सड़क किनारे खड़ी तीन कारों में अचानक आग लग गई। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत से आग पर काबू पाया। रविवार की देर शाम शिकारपुर रोड स्थित एक होटल में एक निजी कार्यक्रम आयोजित किया गया था। जिसमें शामिल होने के लिए कई लोग अपनी-अपनी गाड़ियों से पहुंचे थे। कार्यक्रम के चलते होटल के बाहर सड़क किनारे बड़ी संख्या में वाहन खड़े थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार्यक्रम के दौरान आतिशबाजी भी की जा रही थी। बताया जा रहा है कि इसी दौरान आतिशबाजी से निकली चिंगारी पास में खड़ी एक कार पर जा गिरी।
जिससे उसमें आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पास में खड़ी अन्य दो कारों को भी अपनी चपेट में ले लिया। कुछ ही मिनटों में तीनों कारें धू-धू कर जलने लगीं, जिससे मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया और स्थिति को काबू में करने की कोशिश की। साथ ही दमकल कर्मियों को सूचित कर स्थिति से अवगत कराया। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। उधर, घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


