नकली दवा मामले में लाइन हाजिर 13 पुलिसकर्मियों की सीओ करेंगे जांच
Bulandsehar News - बुलंदशहर में नकली दवा पैकेजिंग मशीन की बरामदगी के मामले में सीओ सिकंदराबाद जांच करेंगे। एसएसपी ने लापरवाही के लिए 13 पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर किया। आरोपी राजीव शर्मा की निशानदेही पर मशीन बरामद की गई, जिससे नकली दवाओं की पैकिंग होती थी। जांच रिपोर्ट के आधार पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बुलंदशहर। सिकंदराबाद में नकली दवा पैकेजिंग मशीन की बरामदगी और पुलिस की लापरवाही के मामले में सीओ सिकंदराबाद जांच करेंगे। एसएसपी ने मामले की गहन जांच कर जल्द रिपोर्ट देने के आदेश दिए हैं। इस मामले में एसएसपी ने लापरवाही बरतने पर जोखाबाद चौकी प्रभारी समेत 13 पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया था। 29 जनवरी को दिल्ली पुलिस ने नकली दवा के मामले में बुलंदशहर निवासी आरोपी राजीव शर्मा को गिरफ्तार किया था। रिमांड के दौरान राजीव की निशानदेही पर दिल्ली पुलिस की एक टीम सिकंदराबाद के जोखाबाद क्षेत्र पहुंची। वहां स्थानीय पुलिस की मदद ली गई। दिल्ली पुलिस, ड्रग इंस्पेक्टर और स्थानीय पुलिस ने जोखाबाद में संयुक्त छापेमारी की।
आरोपी की निशानदेही पर एक प्लॉट से वह मशीन बरामद कर ली गई, जिससे नकली दवाओं की पैकिंग की जाती थी। इस बरामदगी ने स्थानीय पुलिस की सतर्कता पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। उच्चाधिकारियों को दिल्ली पुलिस की दबिश की जानकारी नहीं दी गई। एसएसपी ने पूरे प्रकरण में जोखाबाद पुलिस की संदिग्ध भूमिका और लापरवाही बरतने पर मंगलवार को सख्त कार्रवाई करते हुए चौकी प्रभारी समेत 13 पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया। एसएसपी के अनुसार जोखाबाद के चौकी प्रभारी रघुवीर सिंह, उपनिरीक्षक रोहित कुमार व सचिन कुमार, हेड कांस्टेबल मंजूर अहमद, सुनील कुमार, सविस कौशिक व अमित कुमार, कांस्टेबल नेम सिंह, अंकुर कुमार, हेड कांस्टेबल कपिल चौधरी, कांस्टेबल रोहित कुमार, आरक्षी चालक संदीप सिंह भदौरिया एवं आरक्षी चालक अजेश पचौरी को लाइन हाजिर किया गया है। एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि पूरे प्रकरण की जांच क्षेत्राधिकारी सिकंदराबाद को सौंपी गई है। सीओ सिकंदराबाद द्वारा जल्द से जल्द जांच पूरी कर रिपोर्ट भेजी जाएगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



