होली की खुशबू से महके बाजार, गुजिया और नमकीन की खरीदारी को भीड़
Bulandsehar News - होली पर्व को लेकर जिले में उत्साह बढ़ रहा है। तीन और चार मार्च को मनाए जाने वाले इस पर्व के लिए बाजार सज गए हैं। लोग गुजिया, नमकीन और ड्राई फ्रूट्स की खरीदारी कर रहे हैं। नगर से लेकर देहात तक सभी जगह बाजारों में भीड़ नजर आ रही है। पुलिस प्रशासन भी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए तैयार है।

होली पर्व को लेकर जिले भर में उत्साह का माहौल परवान चढ़ने लगा है। जैसे-जैसे रंगों का त्योहार नजदीक आ रहा है, वैसे-वैसे बाजारों की रौनक बढ़ती जा रही है। जिले भर में आगामी तीन और चार मार्च को धूमधाम से मनाए जाने वाले इस पर्व के लिए शहर से लेकर देहात तक के बाजार पूरी तरह सज चुके हैं। शनिवार को बाजारों में काफी भीड़ रही। लोगों ने जमकर गुजिया, नमकीन व ड्राई फ्रूट्स खरीदे। होली पर खरीदारी को लेकर लोगों में खासा उत्साह दिखाई दे रहा है। होली का पर्व तीन व चार मार्च को जिले भर में हर्षोल्लास से मनाया जाएगा।
पर्व को लेकर बाजार पूरी तरह से सज गए हैं और लोग खरीदारी के लिए बाजारों में पहुंच रहे हैं। रंगों के इस पर्व में गुजिया मिठास खोल रही है। गुजिया का अपना एक विशेष महत्व है। नगर से लेकर देहात क्षेत्र तक के मुख्य बाजार काला आम, चौक बाजार, अंसारी रोड और ऊपर कोट क्षेत्र में हलवाइयों ने गुजिया के विशेष काउंटर सजा दिए हैं। सुबह से ही दुकानों पर ग्राहकों की लंबी कतारें देखी जा रही हैं। बाजार में सादा मावा गुजिया के साथ-साथ इस बार केसरिया, ड्राई फ्रूट्स और चंद्रकला गुजिया की भी भारी मांग है। लोग न केवल अपने घरों के लिए बल्कि रिश्तेदारों और दोस्तों को उपहार स्वरूप भेंट करने के लिए भी मिठाई के डिब्बे पैक करा रहे हैं। अधिकांश बड़ी दुकानों पर तो एडवांस बुकिंग भी शुरू हो गई है। इसके अलावा नमकीन व ड्राई फ्रूट्स का बाजार भी चमक रहा है। नमकीन की दुकानों पर भी खासी भीड़ नजर आ रही है। बाजारों में विभिन्न प्रकार की दालमोठ, चटपटी मिक्सचर और खास तौर पर होली के लिए बनाए गए पापड़ों के दर्जनों आइटम बिक रहे हैं। इसके साथ ही सेहत के प्रति जागरूक लोग मिठाइयों के विकल्प के रूप में ड्राई फ्रूट्स को प्राथमिकता दे रहे हैं। काजू, बादाम, पिस्ता और अखरोट के आकर्षक गिफ्ट पैकेटों की जमकर बिक्री हो रही है। दुकानदारों का कहना है कि इस बार पिछले सालों की तुलना में ग्राहकों में अधिक उत्साह दिखाई दे रहा है, जिससे व्यापार में भी काफी उछाल आया है। ------ नगर से देहात तक सजे बाजार होली को लेकर केवल नगर ही नहीं बल्कि जिले के खुर्जा, सिकंदराबाद, शिकारपुर और डिबाई जैसे देहाती क्षेत्रों के बाजारों में भी खासी रौनक है। नगर के प्रमुख चौराहों पर रंग-बिरंगी गुलाल और पिचकारियों की दुकानें सज गई हैं, जो बच्चों और युवाओं को अपनी ओर आकर्षित कर रही हैं। भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन भी अलर्ट मोड पर है। मुख्य बाजारों में भीड़ को नियंत्रित करने और यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए पुलिस बल की तैनाती की गई है। नगर पालिका प्रशासन ने भी त्योहार के मद्देनजर साफ-सफाई के विशेष निर्देश दिए हैं ताकि श्रद्धालु और खरीदार बिना किसी असुविधा के अपना त्योहार मना सकें।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



