बुलंदशहर: सड़कों पर उतरीं बेटियां, ‘रन फॉर एम्पावरमेंट’ से दिया सुरक्षा का संदेश
Bulandsehar News - बुलंदशहर में मिशन शक्ति-5.0 के तहत महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए रन फॉर एंपावरमेंट मैराथन का आयोजन हुआ। एसएसपी दिनेश कुमार सिंह की देखरेख में छात्राओं और महिला पुलिसकर्मियों ने भाग लिया। नारों के साथ दौड़ लगाते हुए, उन्होंने समाज में महिलाओं के प्रति सम्मान और उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया।
बुलंदशहर। जिले में महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए चलाए जा रहे मिशन शक्ति-5.0 के दूसरे चरण के तहत गुरुवार को उत्साह का माहौल रहा। पुलिस द्वारा आयोजित रन फॉर एंपावरमेंट - विमेन मैराथन में छात्राओं और महिला पुलिसकर्मियों ने दौड़ लगाकर महिला सशक्तिकरण का बिगुल फूंका। एसएसपी दिनेश कुमार सिंह के निर्देशन में आयोजित इस मैराथन को अपर पुलिस अधीक्षक नगर शंकर प्रसाद ने रिजर्व पुलिस लाइंस से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौड़ में कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की 300 से अधिक छात्राओं के साथ महिला पुलिसकर्मियों ने भी पूरे जोश के साथ प्रतिभाग किया। मैराथन के दौरान प्रतिभागी छात्राएं हाथों में तख्तियां लेकर चल रही थीं।
“नारी सुरक्षा–नारी सम्मान”, “बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ” और “महिला सशक्तिकरण ही राष्ट्र सशक्तिकरण” जैसे नारों से पूरा मार्ग गूंज उठा। मैराथन में शानदार प्रदर्शन करने वाली तीन छात्राओं और एक महिला पुलिसकर्मी को प्रशस्ति पत्र व ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। एसएसपी ने कहा कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य समाज में महिलाओं के प्रति सम्मान की भावना जागृत करना और उन्हें उनके अधिकारों के प्रति सचेत करना रहा। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी यातायात पूर्णिमा सिंह, प्रतिसार निरीक्षक अजय कुमार श्रीवास्तव, मिशन शक्ति प्रभारी सुनीता मलिक और महिला थाना प्रभारी स्वाति बालियान समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


