दुष्कर्म पीड़िता के फोटो-वीडियो किए वायरल, मुकदमा दर्ज
Bulandsehar News - दिल्ली के एक होटल में रिसेप्शनिस्ट काम करने वाली एक युवती ने होटल मालिक और उसके साथी पर दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग का आरोप लगाया है। आरोप है कि 2015 में उनके द्वारा उसका नग्न वीडियो बना कर उसे धमकाया गया और गैंगरेप किया गया। अब आरोपी उसके फोटो-वीडियो वायरल कर रहे हैं, जिससे वह आत्महत्या की स्थिति में पहुंच गई है।

अहार क्षेत्र में रहने वाली एक दुष्कर्म पीड़िता ने दिल्ली के होटल मालिक और उसके साथी के खिलाफ उसके आपत्तिजनक फोटो-वीडियो वायरल करने का आरोप लगाया है। आरोप है कि वर्ष 2015 में होटल पर रिसेप्शनिस्ट का काम करने के दौरान दोनों आरोपियों द्वारा उसके नग्न फोटो वीडियो बना लिए गए और उसको ब्लैकमेल करते हुए उसके साथ गैंगरेप किया। अब आरोपियों द्वारा उसके फोटो वीडियो वायरल किए जा रहे हैं, जिसके चलते वह खुदकुशी करने पर मजबूर है। साइबर थाना पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना साइबर क्राइम में पीड़िता युवती द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट में बताया गया है कि वह वर्ष 2015 में दिल्ली के नारायणा विहार इलाके में स्थित एक होटल में रिसेप्शनिस्ट के तौर पर काम करती थी।
आरोप है कि होटल के मालिक वने सिंह कसाना ने धोखे से उसका नग्न वीडियो बना लिया। वीडियो के आधार पर आरोपी ने युवती को ब्लैकमेल किया और उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। युवती का आरोप है कि विरोध करने पर उसके साथ मारपीट भी की गई। आरोपी वने सिंह ने वह वीडियो अपने दोस्त जतिन तंवर को भी दिखाया, जिसने उसी वीडियो के जरिए युवती को डरा-धमकाकर उसके साथ रेप किया। पीड़िता द्वारा वर्ष 2015 में भी मुकदमा दर्ज कराया गया था, जिसमें आरोपियों को जमानत मिल गई थी। पीड़िता युवती का कहना है कि अब दोनों आरोपी पुराने वीडियो और फोटो को उसकी कॉलोनी में वायरल कर रहे हैं और सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणियां कर रहे हैं। पीड़िता ने बताया कि वह इस मानसिक प्रताड़ना से टूट चुकी है और आरोपियों की हरकतों के कारण खुदकुशी करने की स्थिति में पहुंच गई है। उसने पुलिस को सबूत के तौर पर सोशल मीडिया के स्क्रीनशॉट भी उपलब्ध कराए हैं। साइबर थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी का कहना है कि मामले में जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



